शिवसेना का प्रदर्शन: KFC के बाहर धरना देकर अमेरिकी ध्वज को फाड़कर पैरों से रौंदा और की ट्रंप के खिलाफ नारेबाजी
मुरादाबाद। अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ की गई सैन्य कार्रवाई और कथित रूप से निर्दोष लोगों की मौत के विरोध में शुक्रवार को शिवसेना कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में कांशीराम नगर क्षेत्र से जुलूस निकालकर कार्यकर्ता दिल्ली रोड स्थित केएफसी आउटलेट पहुंचे, जहां उन्होंने धरना-प्रदर्शन करते हुए अमेरिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान शिवसैनिकों ने अमेरिका विरोधी नारे लगाए और अमेरिकी नीतियों के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने अमेरिका के झंडों को फाड़कर पैरों तले रौंदा तथा “अमेरिका हाय-हाय”, “ट्रंप मुर्दाबाद”, “जय भवानी-जय शिवाजी” और “शिवसेना जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए।

इस अवसर पर शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि अमेरिका की नीतियों के कारण विश्व में अस्थिरता बढ़ रही है और निर्दोष लोगों की जान जा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि भारत सरकार राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए अमेरिका के साथ संबंधों की समीक्षा करे और भारतीयों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए।

उन्होंने कहा कि शिवसेना भविष्य में भी इस मुद्दे को लेकर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। यदि आवश्यक हुआ तो संगठन द्वारा बड़े स्तर पर विरोध-प्रदर्शन भी किया जाएगा।

प्रदर्शन में कमल सिंह राव, मुदित उपाध्याय, शिबू पांडे, आकाश सिंह, अरुण ठाकुर, उमेश ठाकुर, महेंद्र सैनी, मयंक सैनी, अंकित, नितेश, सुरेश सैनी, राहुल सिंह, जितेंद्र, साहिल सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
