सेवा पखवाड़ा के तहत मकबरा, लाजपतनगर और फाजलपुर में सुनी गईं आम नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें

महापौर विनोद अग्रवाल के तीसरे कार्यकाल का बेमिसाल तीसरा साल: जनसेवा कैंपों में सुनी गईं समस्याएं, मौके पर हुआ समाधान

उमेश लव लव इंडिया मुरादाबाद। नगर निगम मुरादाबाद द्वारा महापौर विनोद अग्रवाल के तीसरे कार्यकाल के तीसरे वर्ष को जनसेवा और जनसंपर्क के रूप में मनाते हुए सेवा पखवाड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को शहर के विभिन्न वार्डों में विशेष जनसेवा कैंप एवं जन चौपालों का आयोजन किया गया, जहां लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत वार्ड संख्या 58 मकबरा में कांग्रेस पार्षद के कार्यालय पर, वार्ड संख्या 21 लाजपतनगर के श्री राम पार्क और वार्ड संख्या 23 फाजलपुर के गागन चौराहा, अंबेडकर पार्क में जन चौपाल आयोजित की गई। जन चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक पहुंचे और हाउस टैक्स, वॉटर टैक्स, सड़क, नाली, सफाई, पेयजल एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार तीन दर्जन से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि हाउस टैक्स से संबंधित करीब एक दर्जन मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेजा गया। अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि सभी लंबित शिकायतों का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।

जन चौपाल में संबंधित वार्डों के पार्षदों के अलावा हाउस टैक्स, वॉटर टैक्स, सफाई एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, सुपरवाइजर तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विभागीय स्तर पर आवश्यक निर्देश भी जारी किए।

इस दौरान और अवर अभियंता महावीर भारती अवर अभियंता अनिल कुमार, अवर अभियंता अखिलेश कुमार और सहायक अभियंता किशन लाल अधिशासी अभियंता भीमराव अशोक सहायक अभियंता देशांतर सफाई निरीक्षक उमाकांत प्रदीप कुमार मुकेश कुमार के अलावा राजस्व निरीक्षक संदीप कुमार केशव और शुभम मौजूद रहे।

महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य लोगों को उनके वार्ड स्तर पर ही बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि छोटी-छोटी समस्याओं के लिए नागरिकों को निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। सेवा पखवाड़ा अभियान के माध्यम से नगर निगम सीधे जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है।

उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान 3 जुलाई तक जारी रहेगा और नगर निगम क्षेत्र के सभी 70 वार्डों में जनसेवा कैंप एवं जन चौपालों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर उन्हें राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि जन चौपालों को जनता का अच्छा सहयोग मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कैंपों में पहुंच रहे हैं।

error: Content is protected !!