रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात और उत्तराखंड में रेल परियोजनाओं की समीक्षा कर कनेक्टिविटी मजबूत करने पर जोर


देहरादून/हरिद्वार। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) श्री सतीश कुमार ने उत्तराखंड में रेल अवसंरचना और कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से राज्य की विभिन्न रेल विकास परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री राजेश कुमार पांडेय, मुरादाबाद मंडल की मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ देहरादून और हरिद्वार का दौरा किया।


रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर राज्य में संचालित और प्रस्तावित रेल परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में रेल नेटवर्क के विस्तार, क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाने, यात्री सुविधाओं के उन्नयन तथा राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास में रेलवे की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया।
इसके अलावा श्री सतीश कुमार ने उत्तराखंड के मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन से भी मुलाकात कर विभिन्न रेल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में परियोजनाओं के त्वरित और प्रभावी क्रियान्वयन, राज्य सरकार एवं भारतीय रेलवे के बीच बेहतर समन्वय तथा रेल अवसंरचना विकास को गति देने के मुद्दों पर चर्चा हुई।


बैठकों के दौरान उत्तराखंड में रेल संपर्क को और अधिक मजबूत बनाने, यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विकासोन्मुख रेल परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। इस अवसर पर रेलवे बोर्ड और उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
दौरे के दौरान रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने देहरादून और हरिद्वार रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया तथा यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने देहरादून स्टेशन पर 24 कोच वाले रैक संचालन की संभावनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्निर्माण एवं आधुनिकीकरण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

error: Content is protected !!