मुरादाबाद में यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों की सराहना की केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ने

लव इंडिया, मुरादाबाद। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए अधिकारियों को विकास कार्यों को और अधिक गति तथा गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।


केंद्रीय रेल राज्य मंत्री 6 जुलाई 2026 को स्पेशल ट्रेन से टनकपुर (पूर्वोत्तर रेलवे) में आयोजित रेल परियोजना उद्घाटन कार्यक्रम से लौटते समय मुरादाबाद स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) पारितोष गौतम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मनोज यादव, वरिष्ठ मंडल अभियंता (मुख्यालय) अभिषेक चौधरी सहित रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने उन्हें मुरादाबाद की प्रसिद्ध पीतल कला का स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।


निरीक्षण के दौरान केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, स्वच्छता व्यवस्था, रेलवे ट्रैक की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, पेयजल, शेड तथा टिकट व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। यात्रियों ने स्टेशन पर उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
रेल राज्य मंत्री ने ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की सतर्कता और कार्यकुशलता की सराहना करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को सम्मानित भी किया।


इसके बाद उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर मुरादाबाद मंडल में चल रहे विकास कार्यों, आधारभूत संरचना के विस्तार और यात्री सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्यों को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

error: Content is protected !!