दबंगों के आतंक से हिंदू परिवार पलायन के कगार पर, मुख्यमंत्री से लगाई न्याय और सुरक्षा की गुहार

उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। थाना डिलारी क्षेत्र के ग्राम जटपुरा में एक हिंदू परिवार ने कथित रूप से दबंगों के उत्पीड़न, जान से मारने की धमकियों और लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर मुख्यमंत्री एवं प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें अपना पैतृक घर छोड़कर गांव से पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

पीड़ित अमन कुमार पुत्र मुकेश कुमार ने थाना डिलारी में दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि गांव के जब्बार पुत्र अकबर, उनकी पत्नी मेहरबान निशा, रफी पुत्र अकबर अली तथा उनकी पत्नी नर्गिस द्वारा लगातार परिवार का मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न किया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, आरोपितों द्वारा जान से मारने, झूठे मुकदमों में फंसाने और घर छोड़ने की धमकियां दी जाती हैं, जिससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन व्यतीत कर रहा है। परिवार का कहना है कि सुरक्षा की दृष्टि से कुछ सदस्य घर छोड़ चुके हैं और शेष सदस्य भी पलायन करने को विवश हो सकते हैं।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि गांव में ग्राम समाज एवं सार्वजनिक तालाब की भूमि पर कथित अवैध कब्जा कर निर्माण किए गए हैं, जिससे जल निकासी का प्राकृतिक मार्ग बाधित हो गया है। इसके कारण नालियों का गंदा पानी कई दिनों तक जमा रहता है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। परिवार का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

इसी संबंध में सुनीता देवी पत्नी मुकेश कुमार ने मुख्यमंत्री को संबोधित प्रार्थना पत्र भेजकर ग्राम समाज एवं तालाब की भूमि की निष्पक्ष पैमाइश कराने, अवैध कब्जों की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार अतिक्रमण हटाने की मांग की है। साथ ही जल निकासी व्यवस्था तत्काल बहाल करने और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल अपने घर में सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन यापन करना है, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों और कथित उत्पीड़न के कारण अब वे गांव छोड़ने पर विचार करने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि किसी भी नागरिक को भय और असुरक्षा के कारण अपना घर छोड़ने की नौबत न आए।

error: Content is protected !!