मुख्यमंत्री योगी ने खुद नहीं, दो नन्हीं बच्चियों से कराया ‘श्री राम वाटिका’ का लोकार्पण; मुरादाबाद को मिला पश्चिमी यूपी का पहला डिजिटल युद्ध स्मारक
उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुरादाबाद दौरे में विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास के बीच दो ऐसे भावनात्मक क्षण भी देखने को मिले, जिन्होंने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। मुख्यमंत्री ने जहां ‘श्री राम वाटिका’ का लोकार्पण स्वयं करने के बजाय दो नन्हीं बच्चियों के हाथों कराया, वहीं उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पहले डिजिटल युद्ध स्मारक ‘त्रिशूल – भारतीय रक्षा संग्रहालय’ का उद्घाटन कर राष्ट्रभक्ति और सैन्य गौरव को नई पहचान दी।
बेटियों के हाथों कराया श्री राम वाटिका का लोकार्पण

बुद्धि विहार स्थित नव विकसित श्री राम वाटिका का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं फीता काटकर नहीं किया। उन्होंने मंच पर मौजूद दो नन्हीं बच्चियों को आगे बुलाया और उनके कर-कमलों से वाटिका का उद्घाटन कराया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां समाज की शक्ति हैं और उनका सम्मान भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस भावनात्मक पल का तालियों की गूंज के साथ स्वागत किया।
राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी इस पहल को ‘बेटी सम्मान’ और नारी सशक्तिकरण का प्रतीक माना जा रहा है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का पहला डिजिटल युद्ध स्मारक राष्ट्र को समर्पित

मुख्यमंत्री ने नगर निगम द्वारा विकसित ‘त्रिशूल – भारतीय रक्षा संग्रहालय’ का भी उद्घाटन किया। यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश का पहला डिजिटल युद्ध स्मारक है, जिसमें भारतीय थल सेना, वायु सेना और नौसेना के शौर्य, पराक्रम और बलिदान को आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
संग्रहालय में देश की सैन्य विरासत, प्रमुख युद्धों, वीर सैनिकों की गाथाओं और भारतीय रक्षा शक्ति से जुड़ी जानकारियों को डिजिटल स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है, जिससे नई पीढ़ी देशभक्ति और सैन्य इतिहास से परिचित हो सकेगी।
नई पीढ़ी को मिलेगा प्रेरणा का केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे संग्रहालय केवल इमारतें नहीं होते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा के केंद्र बनते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मुरादाबाद में विकसित यह संग्रहालय राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम

मुख्यमंत्री के दौरे में एक ओर जहां बेटियों के सम्मान का संदेश देते हुए श्री राम वाटिका का लोकार्पण कराया गया, वहीं दूसरी ओर डिजिटल युद्ध स्मारक के उद्घाटन के माध्यम से राष्ट्रभक्ति और भारतीय सशस्त्र सेनाओं के गौरव को नई पहचान मिली।
इन दोनों परियोजनाओं को मुरादाबाद के सांस्कृतिक और पर्यटन विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
