लखनऊ स्टेशन पर निर्माण कार्य, कई ट्रेनों का रूट बदला, कुछ ट्रेनें अब आलमनगर तक ही जाएंगी

लव इंडिया, लखनऊ। यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ रेलवे स्टेशन पर आरएलडीए (RLDA) द्वारा कांकॉर्स निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। इस विकास कार्य के चलते 15 मई 2026 से 23 जून 2026 तक प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर ब्लॉक लिया जाएगा। इसके कारण कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।


उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कुछ ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन/ओरिजिनेशन किया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों का मार्ग बदला गया है।


ये ट्रेनें अब आलमनगर तक ही जाएंगी


रेलवे प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 54338 शाहजहांपुर-लखनऊ पैसेंजर 15 मई से 23 जून 2026 तक आलमनगर स्टेशन पर ही समाप्त होगी।
गाड़ी संख्या 54332 बालामऊ-लखनऊ पैसेंजर निर्धारित अवधि तक आलमनगर स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट होगी।
इन ट्रेनों की शुरुआत अब आलमनगर से होगी
गाड़ी संख्या 54337 लखनऊ-शाहजहांपुर पैसेंजर अब आलमनगर स्टेशन से चलेगी। गाड़ी संख्या 54331 लखनऊ-बालामऊ पैसेंजर 15 मई से 23 जून तक आलमनगर से संचालित होगी।


संगम एक्सप्रेस का रूट बदला


गाड़ी संख्या 14308 बरेली-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस, जो सामान्य रूप से आलमनगर-लखनऊ-उतरेटिया रेलखंड से चलती है, अब परिवर्तित मार्ग आलमनगर-ट्रांसपोर्ट नगर-उतरेटिया से चलाई जाएगी। इस दौरान लखनऊ स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव नहीं होगा। आलमनगर और उतरेटिया स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा।

यात्रा से पहले स्थिति जरूर जांचें


रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे हेल्पलाइन 139 या आधिकारिक वेबसाइट से जरूर प्राप्त कर लें।

error: Content is protected !!