NEET (UG) 2026: परीक्षा शहर सूचना पर्ची जारी, 21 जून को होगी पुनर्परीक्षा


नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने NEET (UG)-2026 पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शहर सूचना पर्ची (Exam City Intimation Slip) जारी कर दी है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर अपने परीक्षा शहर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


एनटीए के अनुसार NEET (UG)-2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 (रविवार) को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में पेन एवं पेपर मोड में संपन्न होगी।


परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 7 जून 2026 से अपनी परीक्षा शहर सूचना पर्ची डाउनलोड कर सकते हैं। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि यह एडमिट कार्ड नहीं है, बल्कि केवल परीक्षा केंद्र के शहर की अग्रिम जानकारी है, जिससे उम्मीदवार अपनी यात्रा और अन्य व्यवस्थाएं समय रहते कर सकें।


एनटीए ने बताया कि परीक्षा का प्रवेश पत्र (Admit Card) अलग से जारी किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें।


यदि किसी उम्मीदवार को परीक्षा शहर सूचना पर्ची डाउनलोड करने या जानकारी प्राप्त करने में परेशानी होती है तो वह एनटीए हेल्पलाइन नंबर 011-40759000, 011-69227700 पर संपर्क कर सकता है अथवा ईमेल के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकता है।


एनटीए ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें और नवीनतम अपडेट के लिए नियमित रूप से वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।

error: Content is protected !!