सपना चौधरी कार्यक्रम मामले की केस फाइल दूसरी अदालत में स्थानांतरित, अब 27 जुलाई को होगी सुनवाई


लव इंडिया, मुरादाबाद। हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के वर्ष 2019 में मुरादाबाद रेलवे स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम से जुड़े मामले में न्यायालय ने केस की फाइल दूसरी अदालत में स्थानांतरित कर दी है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को होगी।


वादकर्ता डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा, निवासी गायत्री नगर, मुरादाबाद ने अपने अधिवक्ता वैभव अग्रवाल के माध्यम से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय में प्रार्थना पत्र दायर किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 11 जून 2019 को रेलवे स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था फैल गई थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान भीड़ बेकाबू हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें कई लोगों के घायल होने का दावा किया गया है।


याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम के दौरान निर्धारित समय के बाद भी ध्वनि विस्तारक यंत्र (डीजे) का उपयोग किया गया तथा सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और शहर में यातायात प्रभावित होने जैसे मुद्दे भी उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने पहले थाना सिविल लाइंस और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली।


मामले की सुनवाई पहले एसीजेएम कोर्ट संख्या-5 में चल रही थी। शिकायतकर्ता के अनुसार पिछली सुनवाई में न्यायालय ने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। इस बीच प्रशासनिक कारणों से केस की फाइल एसीजेएम कोर्ट संख्या-2 में स्थानांतरित कर दी गई, जिसके कारण निर्धारित तिथि पर बहस नहीं हो सकी।अब इस मामले में 27 जुलाई को नई अदालत में सुनवाई होगी।

error: Content is protected !!