राष्ट्रीय पुरोहित परिषद ने की कांवड़ियों की सेवा: चंदन-वंदन, पुष्प वर्षा और औषधी वितरण कर किया स्वागत
संभल। राष्ट्रीय पुरोहित परिषद ने श्रावण मास में हरिद्वार से जल लेकर आ रहे कांवड़ियों की भव्य सेवा की। परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांवड़ियों को चिकित्सा औषधी भेंट की, चंदन-वंदन किया और उन पर पुष्प वर्षा कर स्वागत-अभिनंदन किया।
राष्ट्रीय पुरोहित परिषद के बैनर तले समाजसेवी गण हसनपुर रोड पर पहुंचे। वहां कांवड़ियों के जत्थे पर पुष्प वर्षा की गई। सभी कांवड़ियों के मस्तक पर तिलक लगाया गया।
डीजे पर भगवान शिव को समर्पित भजनों पर राष्ट्रीय पुरोहित परिषद के नरेश शर्मा, परमानंद तिवारी, सत्येंद्र शर्मा, जयदेव शर्मा, तरुण शर्मा, नवीन कुमार शर्मा, सुभाष चंद्र शर्मा, राकेश शर्मा आदि ने सड़क पर ही नृत्य किया।
सेवा के दौरान सभी कांवड़ियों को ओ आर एस का घोल पिलाया गया। पेट दर्द, सिर दर्द, बदन दर्द की गोलियां वितरित की गईं और सभी कांवड़ियों के चरण स्पर्श किए गए।

राष्ट्रीय पुरोहित परिषद के कोषाध्यक्ष नरेश कुमार शर्मा ने कहा कि “कांवड़ियों की सेवा से सभी प्रकार के पुण्य की प्राप्ति होती है। शिव हों या शिव के भक्त, उनके दर्शन, पूजन, सेवा, अभिनंदन और स्वागत-सम्मान करने से व्यक्ति इस लोक में यश प्राप्त करता है और परलोक में सद्गति प्राप्त करता है।”
इस सेवा कार्यक्रम में हिंदू जागृति मंच के चरन सिंह भारती, वार्ड मेंबर महावीर सिंह, अनंत कुमार अग्रवाल विनोद कुमार अग्रवाल, उमेश सैनी, सत्यवीर सिंह, दुर्वेश सैनी मीनू रस्तोगी, सुमन लता शर्मा, बबीता भारद्वाज, रेखा शर्मा, सुमन शर्मा, आदि ने कांवड़ियों की सेवा-सुश्रूषा में सहयोग किया।
भाजपा नेता चरन सिंह भारती ने कहा कि “श्रावण मास में हरिद्वार हो, बृजघाट हो या कहीं भी गंगा तट से लाया गया जल भगवान शिव पर चढ़ाने से अनंत फल प्राप्त होता है। यह हमारी आदिकाल से चली आ रही अनवरत परंपरा है। वर्तमान उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्साह, उमंग, हर्ष, गर्व और गौरव के साथ संपूर्ण अभूतपूर्व व्यवस्थाएं करके सभी कांवड़ियों और हिंदू समाज का दिल जीत लिया है।” नगर पालिका परिषद संभल के सभासद महावीर सिंह का इस कार्यक्रम में विशेष मार्गदर्शन रहा।
