BJP leader Anuj Chaudhary murder case: कोर्ट में आरोपी ललित कौशिक ने खुद की पैरवी की, विवेचक से पूछे साजिश और जांच पर सवाल
उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। बहुचर्चित भाजपा नेता अनुज चौधरी हत्याकांड की सुनवाई के दौरान मंगलवार को अदालत में उस समय दिलचस्प मोड़ आ गया, जब इस मामले के आरोपी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक ने स्वयं अपनी पैरवी करते हुए विवेचक से कई अहम सवाल पूछे। बलरामपुर जेल से पेशी पर लाए गए ललित कौशिक ने अदालत में सबसे पहले पूरे मुकदमे की पत्रावली का अवलोकन किया और फिर गवाही के दौरान विवेचक से जांच के विभिन्न पहलुओं पर सवाल-जवाब किए।

एडीजे फर्स्ट अनिल कुमार की अदालत में हुई सुनवाई के दौरान मामले के विवेचक अनंगपाल सिंह की गवाही दर्ज की गई। बताया गया कि विवेचक इस मुकदमे के लगभग 20 गवाहों में शामिल हैं और मंगलवार को उनकी गवाही निर्धारित थी। सुनवाई के दौरान ललित कौशिक ने विवेचक से पूछा कि कथित हत्या की साजिश आखिर कब रची गई और कहां रची गई। उसने जांच की प्रक्रिया से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी सवाल उठाए। अदालत में उसने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की पुस्तक उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया।

गौरतलब है कि पिछली सुनवाई में ललित कौशिक ने अदालत से अपने मुकदमे की पैरवी स्वयं करने की अनुमति मांगी थी, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया था। इसके बाद से वह अपने बचाव में खुद बहस कर रहा है। उल्लेखनीय है कि 10 अगस्त 2023 को नया मुरादाबाद स्थित पार्श्वनाथ सोसायटी में भाजपा नेता अनुज चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में 14 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। मामले में कई आरोपी जेल में हैं, जबकि कुछ को जमानत मिल चुकी है।
मंगलवार की सुनवाई में अदालत ने विवेचक की गवाही दर्ज करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। अब मामले की अगली सुनवाई 27 निर्धारित तिथि पर होगी, जहां शेष साक्ष्यों और गवाहों पर कार्यवाही जारी रहेगी।
