बिजली संकट, ई-रिक्शा संचालन और जलभराव समेत कई मुद्दों पर गरजे व्यापारी
–संयुक्त व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश की बैठक में रेलवे द्वारा दुकानों को हटाने के मुद्दे पर भी जताई चिंता, जल्द अधिकारियों के सम्मान समारोह की भी घोषणा, प्रशासन से समाधान की मांग
लव इंडिया, मुरादाबाद। संयुक्त व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश की बैठक सोमवार को दीवान बाजार स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में शहर की बिजली व्यवस्था, ई-रिक्शा संचालन, जलभराव, रेलवे द्वारा दुकानों को हटाने और सावन मेले की व्यवस्थाओं सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की गई।
बैठक में व्यापारियों ने शहर में लगातार बनी हुई बिजली समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता करने का निर्णय लिया। इसके अलावा शहर में ई-रिक्शा चालकों द्वारा निर्धारित रूट का पालन नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई गई। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि ई-रिक्शा केवल निर्धारित रूट पर ही संचालित कराए जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ‘जॉनी’ ने बताया कि इसी माह संयुक्त व्यापार मंडल के तत्वावधान में शहर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है, जिसमें अग्निशमन विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री विपिन गुप्ता ने कहा कि सावन मास में ब्रजघाट और हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापारी पुलिस-प्रशासन के साथ मिलकर पूरा सहयोग करेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
बैठक में हल्की बारिश के बाद भी शहर के कई हिस्सों, विशेष रूप से नॉवेल्टी चौक पर जलभराव की समस्या पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई। व्यापारियों का कहना था कि यदि बरसात से पहले नगर निगम ने इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

रेलवे द्वारा रामपुर रोड बस स्टैंड के सामने स्थित दुकानों को हटाए जाने के मुद्दे पर भी व्यापारियों ने चिंता जताई। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की कि प्रभावित व्यापारियों के पुनर्वास की व्यवस्था की जाए अथवा उन्हें वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि वर्षों से इन दुकानों पर निर्भर परिवारों की आजीविका प्रभावित न हो।
बैठक में दीपक कत्याल, तस्कीर हुसैन, सुप्रीत खन्ना, अर्पित अग्रवाल, मोंटू दिवाकर, आलोक अग्रवाल, हिमांशु अग्रवाल, अक्षय अग्रवाल, मोहित खन्ना, राजेंद्र प्रजापति, अतुल सोती, राजेश शर्मा, कुन्नू, पंकज, राजा, आकाश, रमेश, निजाम, आरिफ, अनीश, आदित्य सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ‘जॉनी’ एवं प्रदेश महामंत्री विपिन गुप्ता ने संयुक्त रूप से की।
