कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी की निधि से बन रहे नाले की गुणवत्ता पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने मानकों की जांच की मांग उठाई
लव इंडिया, मुरादाबाद। मुरादाबाद महानगर के कांठ रोड स्थित गांव मऊ में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी की विधायक/मंत्री निधि से बनाए जा रहे आरसीसी नाले की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है, जिससे नाले की मजबूती और गुणवत्ता पर संदेह पैदा हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि करीब नाला बनाया जा रहा है, लेकिन निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। उनका आरोप है कि एक ओर नया नाला बनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर निर्माण का कुछ हिस्सा टूटने भी लगा है क्योंकि एक बाई दस (1×10) का सीमेंट इस्तेमाल हो रहा है। स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने ठेकेदार और निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारियों से गुणवत्ता को लेकर सवाल किए, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कुछ लोगों ने व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जताई है।
ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण कार्य से जुड़े वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने तथा मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने की मांग की है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक संदेश में स्थानीय निवासी ने कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी से मामले में हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और ठेकेदार को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया है।

साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जाएगी।फिलहाल इस मामले में लोक निर्माण विभाग, संबंधित कार्यदायी संस्था, ठेकेदार अथवा कैबिनेट मंत्री कार्यालय का पक्ष सामने नहीं आया है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर समाचार को अपडेट किया जाएगा।
