एमडीए की सील, अंदर जारी काम! खुशहालपुर स्थित केडी पैलेस पर उठे सवाल, कार्रवाई की प्रभावशीलता पर चर्चा


लव इंडिया, मुरादाबाद। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) द्वारा सील किए गए खुशहालपुर चौकी के सामने स्थित केडी पैलेस में कथित रूप से गतिविधियां जारी रहने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भवन के बाहर एमडीए की सील लगी है, लेकिन अंदर कार्यालय का संचालन और अन्य कार्य जारी हैं।


जानकारी के अनुसार, केडी पैलेस को मानकों के विपरीत निर्माण और संचालन के आरोप में पिछले करीब तीन वर्षों से नोटिस दिए जा रहे थे। इसके बाद एमडीए ने हाल ही में भवन को सील करने की कार्रवाई की। हालांकि, अब आरोप है कि सीलिंग के बावजूद परिसर के भीतर गतिविधियां बंद नहीं हुई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि केडी पैलेस की स्वामिनी शकुंतला देवी ने भवन क्रांति देवी को संचालन के लिए दिया हुआ है। वहीं, आरोप है कि मैनेजर रामबृक्ष पाल सील के बावजूद परिसर में कार्य का संचालन कर रहे हैं।


इस मामले को लेकर लोगों में सवाल उठ रहे हैं कि जब एमडीए अन्य अवैध निर्माणों और बैंक्वेट हॉलों पर सख्ती से कार्रवाई कर रहा है, तो सील होने के बाद भी यदि किसी भवन में गतिविधियां जारी हैं, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ आगे की कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।
स्थानीय नागरिकों ने एमडीए से पूरे मामले की जांच कर सीलिंग आदेश का पालन सुनिश्चित कराने तथा यदि उल्लंघन पाया जाए तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण या केडी पैलेस प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर समाचार को अपडेट किया जाएगा।

error: Content is protected !!