कटघर में पड़ोसियों पर घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट और जानलेवा हमला करने का आरोप

पीड़ित परिवार ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार


लव इंडिया, मुरादाबाद। थाना कटघर क्षेत्र की बसंत विहार कॉलोनी में पड़ोसियों पर घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


प्रार्थना पत्र के अनुसार, पीड़ित नीरज सिंह अपने पुत्र निर्भय प्रताप सिंह के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे। शिकायत में बताया गया कि पड़ोस में स्थित दूसरे मकान के रास्ते पर कथित रूप से भीमपाल, विकास उर्फ विद्ध, विशाल उर्फ मोनू, रिंकू, काकू, सतेंद्र उर्फ लल्ला, संजय समेत अन्य लोग दीवार बनाने का प्रयास कर रहे थे। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि रंजिश के चलते देर रात उक्त लोग लाठी-डंडे और सरिए लेकर घर पहुंच गए। उन्होंने घर पर ईंट-पत्थर फेंके, दरवाजे का कुंडा तोड़कर अंदर घुस गए और परिवार के साथ मारपीट की।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, गले का हार, दो अंगूठियां, एक जोड़ी कुंडल, एक जोड़ी चांदी की पाजेब तथा करीब 35 हजार रुपये नकद भी लूट लिए।


शिकायत में यह भी कहा गया है कि मारपीट में परिवार की बुजुर्ग सदस्य चंद्रवती गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष का दावा है कि घटना के दौरान डायल-112 और 1076 पर सूचना दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि पुलिस के सामने भी आरोपियों ने अभद्रता और मारपीट जारी रखी तथा जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
पीड़ित परिवार का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। उनका आरोप है कि थाना स्तर पर सुनवाई नहीं होने के बाद उन्होंने एसएसपी से निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!