कावड़ यात्रा-2026 में शामिल डीजे की ऊंचाई 12 फीट और चौड़ाई 10 फीट से अधिक न हो
लव इंडिया, मुरादाबाद। पवित्र सावन माह 30 जुलाई से शुरू हो रहा है इसके तहत जिला प्रशासन ने आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की अध्यक्षता में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर अधिकारियों ने दो टूक कहा कि कावड़ यात्रा में शामिल डीजे की ऊंचाई 12 फीट और चौड़ाई 10 फीट से अधिक ना हो।

बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, मोबाइल शौचालय और चिकित्सा सहायता जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध रहनी चाहिए। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए तथा प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू कर यातायात को सुचारु बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी निरंतर निगरानी बनाए रखें।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी तैयारियों की जानकारी दी। अंत में जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के निर्देश दिए।
