अरे! आज तो ‘आसमान’ में ‘छेद’ हो गए…रात 12 बजे से शुरू हुई बारिश अपराह्न तीन बजे तक नहीं थमी

मुरादाबाद में आसमान में छेद हो गए! 14 घंटे से लगातार बरस रहे बादल, शहर बेहाल

रात 12 बजे से शुरू हुई बारिश अपराह्न तीन बजे तक नहीं थमी, कभी तेज तो कभी रिमझिम—जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त

उमेश लव, लव इंडिया मुरादाबाद। शुक्रवार की आधी रात से शुरू हुई बारिश शनिवार दोपहर तक थमने का नाम नहीं ले रही। रात करीब 12 बजे से लगातार हो रही बारिश ने करीब 15 घंटे में शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। कभी तेज धार के साथ बारिश होती रही तो कभी रिमझिम फुहारें पड़ती रहीं, लेकिन आसमान लगातार बादलों से घिरा रहा।

शनिवार दोपहर करीब तीन बजे तक भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। लगातार पानी बरसने से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। सड़कें और गलियां पानी से भर गईं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश का असर केवल शहर की सड़कों तक सीमित नहीं है। निचले इलाकों और झोपड़पट्टियों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। कई कच्चे और कमजोर मकानों में पानी टपकने लगा है। लगातार बारिश के कारण लोग अपने घरों के भीतर भी परेशान नजर आए।

ऐसे माहौल में बुजुर्ग आसमान की ओर देखते हुए अपनी परेशानी कुछ इस अंदाज में बयान करते नजर आए—“आज तो आसमान में छेद हो गए… सत्यानाश हो, बारिश रुकने का नाम ही नहीं ले रही।”

मौसम विभाग ने भी जताई भारी बारिश की आशंका

मुरादाबाद के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान में 26 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। 27 सितंबर को भी भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की संभावना दर्ज की गई है।

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी भारी बारिश का दौर जारी है। राज्य में 27 सितंबर तक मौसम प्रभावित रहने का पूर्वानुमान है और मुरादाबाद समेत कई जिलों को ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में शामिल किया गया है।

लोगों की चिंता बढ़ी

लगातार बारिश ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जलभराव वाले इलाकों में लोगों को पानी के बीच से निकलना पड़ रहा है। वहीं, कमजोर मकानों और झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों को छत और दीवारों की सुरक्षा की चिंता सता रही है।

बारिश अगर इसी तरह जारी रही तो शहर के निचले इलाकों में जलभराव और बढ़ने की आशंका है। फिलहाल मुरादाबाद में आसमान साफ होने का इंतजार है और लोग यही पूछ रहे हैं—आखिर ये बारिश कब थमेगी?

error: Content is protected !!