Smart City मुरादाबाद में विज्ञान पथ का लोकार्पण, डॉ. कलाम की प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र


लव इंडिया मुरादाबाद। मुरादाबाद में स्मार्ट सिटी योजना के तहत लगातार विकास कार्यों की कड़ी में एक और अहम उपलब्धि जुड़ गई है। शुक्रवार को विज्ञान दिवस के अवसर पर मुरादाबाद के दिल्ली रोड स्थित लोकोशेड पुल के पास विज्ञान पथ का भव्य लोकार्पण किया गया। इस विशेष अवसर पर मुरादाबाद मंडल के मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह,नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस विज्ञान पथ का उद्घाटन किया।

नगर निगम द्वारा तैयार किए गए इस अनूठे पथ का उद्देश्य न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाना है, बल्कि विज्ञान और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना भी है।यह विज्ञान पथ भारत के मिसाइल मैन और पूर्व राष्ट्रपति डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम की स्मृति में बनाया गया है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी में देश का नाम रोशन करने वाले डॉ. कलाम की प्रतिमा इस पथ के बीचों-बीच स्थापित की गई है। इस प्रतिमा के दोनों ओर विभिन्न मिसाइलों को भी प्रदर्शित किया गया है, जो डॉ.कलाम की महान वैज्ञानिक उपलब्धियों की याद दिलाती हैं,विज्ञान पथ में न केवल डॉ.कलाम बल्कि देश के अन्य महान वैज्ञानिकों के योगदान को भी सम्मान दिया गया है। यहां पर कई प्रमुख वैज्ञानिकों की प्रतिमाएं लगाई गई हैं।

साथ ही उनके जीवन और शोध कार्यों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदर्शित की गई हैं। यह स्थान खासकर विद्यार्थियों और युवाओं के लिए एक प्रेरणा का केंद्र बनेगा, जहां वे विज्ञान के गौरवशाली इतिहास और आधुनिक तकनीकी विकास के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।स्मार्ट सिटी में विकास की नई कड़ी मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने इस मौके पर कहा कि मुरादाबाद में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। विज्ञान पथ भी इसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो मुरादाबाद को एक नई पहचान देगा। उन्होंने कहा कि शहर में रोजगार बढ़ाने के लिए भी नगर निगम लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में कई ऐसे स्थानों को विकसित किया गया है जहां स्थानीय लोग अपने छोटे-मोटे व्यवसाय चला सकें। रेडी-पटरी वालों के लिए भी नगर निगम द्वारा विशेष गलियारे बनाए गए हैं, ताकि उन्हें व्यवस्थित ढंग से व्यापार करने का अवसर मिल सके।


आन्जनेय कुमार सिंह, मंडलायुक्त ने कहा कि मुरादाबाद में निरंतर विकास की गंगा बह रही है। विज्ञान पथ जैसी योजनाएं न केवल शहर का सौंदर्यकरण कर रही हैं, बल्कि लोगों में जागरूकता भी फैला रही हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत मुरादाबाद लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
विनोद अग्रवाल, महापौर ने कहा कि विज्ञान पथ का यह नया स्वरूप विकास में मील का पत्थर साबित होगा और आने वाले समय में यह शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।इस मौके पर नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल, अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह, अतुल कुमार सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Hello world.

This is a sample box, with some sample content in it. this is an advertisement

error: Content is protected !!