लव इंडिया, मुरादाबाद। चित्रगुप्त इंटर कॉलेज मुरादाबाद में प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा और पूर्वी भारत के महत्वपूर्ण राज्यों में भाजपा की जीत को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 1100 बच्चों ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पोस्टर बनाकर आभार व्यक्त किया।

विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने देश की प्रगति, राष्ट्रीय सुरक्षा और नेतृत्व को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। बच्चों ने ईश्वर से प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करते हुए कहा कि देश का मान-सम्मान और गौरव विश्वभर में इसी प्रकार बढ़ता रहे।
इस अवसर पर छात्र ध्रुव यादव, केशव, प्रिंस और रुद्राक्ष ने कार्यक्रम में प्रमुख भूमिका निभाई। छात्रों द्वारा तैयार किया गया विशाल पोस्टर कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बना रहा।

विद्यालय के प्रबंधक नवनीत शमशेर ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जागरूकता की भावना विकसित होना सकारात्मक संकेत है। वहीं प्रधानाचार्य मेजर सुदेश भटनागर ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें अनुशासन और देशहित की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के आयोजन में नवनीत गोस्वामी, पंकज शर्मा, विशाल अग्रवाल, पंकज दुबे और मोहम्मद अरशद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।