Chandpur का JP Public School बना TMU का Volleyball Champion
ख़ास बातें
जेपी के रुद्राक्ष शर्मा ने 15 अंक जुटाकर चैंपियनशिप में निभाई अहम भूमिका
जसपुर की पायनियर एकेडमी के सुरेंद्र सिंह 10 अंकों के बूते बेस्ट ब्लॉकर
खेलों की आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता में अहम भूमिकाः प्रो. निशीथ मिश्रा
पायनियर एकेडमी उपविजेता, कर्मा शिक्षा पब्लिक स्कूल की थर्ड पॉजिशन
तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद में कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन की ओर से इंटर-स्कूल बालक वॉलीबाल चैंपियनशिप का खिताब जेपी पब्लिक स्कूल चांदपुर- बिजनौर के सिर पर सजा है। फाइनल के रोमांचक मुकाबले में जेपी पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पायनियर एकेडमी, जसपुर- उत्तराखंड को सीधे सेटों में 2-0 से हराकर चैंपियन ट्राफी पर कब्जा किया।
जेपी पब्लिक स्कूल की टीम शुरू से ही अपनी प्रतिद्वंदी टीम पर हावी रही। जेपी के खिलाड़ी रुद्राक्ष शर्मा ने सर्वाधिक 15 अंक अर्जित कर जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। रुद्राक्ष के बेहतरीन खेल कौशल और सटीक रणनीति ने टीम को चैंपियन बना दिया। पायनियर एकेडमी, जसपुर के सुरेंद्र सिंह ने भी बेस्ट ब्लॉकर के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में टीएमयू आईक्यूएसी के निदेशक प्रो. निशीथ मिश्रा ने बतौर मुख्य अतिथि स्टुडेंट्स को संबोधित करते हुए कहा, खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह मानसिक विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी मजबूत बनाते हैं। खेल स्टुडेंट्स को चुनौतियों का सामना करने, सामूहिक प्रयासों का महत्व समझने और हार-जीत को सकारात्मक रूप से स्वीकार करने की सीख देते हैं।
तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद में कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन की ओर से इंटर-स्कूल बालक वॉलीबाल चैंपियनशिप के फाइनल में पायनियर एकेडमी जसपुर को 2-0 से दी शिकस्त
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि प्रो. मिश्रा के संग डीन स्टुडेंट वेलफेयर प्रो. एमपी सिंह, कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन के प्राचार्य प्रो. मनु मिश्रा आदि ने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
दूसरी ओर पायनियर एकेडमी को उपविजेता, जबकि काशीपुर के कर्मा शिक्षा पब्लिक स्कूल को तृतीय स्थान से संतोष करना पड़ा। तृतीय स्थान के लिए कर्मा शिक्षा पब्लिक स्कूल का सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल, अमरोहा से मुकाबला हुआ। इस मैच में कर्मा शिक्षा पब्लिक स्कूल ने शानदार तालमेल के बूते 2-0 से जीत दर्ज की।

उल्लेखनीय है, तीन दिनों तक चली इस चैंपियनशिप में मुरादाबाद मंडल और उत्तराखंड के 37 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने दमदार खेल, अनुशासन और टीम भावना से भाग लिया। चैंपियनशिप में रेफरी, स्कोरर और लाइनमैन की भूमिका में लक्ष्य सिंह, अंशिका शर्मा, मुफास कुरैशी, मोहम्मद अयान, मोहम्मद साहिल, विनीत मिश्रा, मोहिनी चौधरी, पीयूष कुमार, अमन कुमार राय, दीपक सिंह, निर्दाेष यादव, दीक्षा भट्ट आदि शामिल रहे।
