Ayodhya पहुंचे Shiv Sena पदाधिकारी, राम मंदिर आभूषण प्रकरण पर आंदोलन की रणनीति तैयार
जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में 11 सदस्यीय टीम ने किए रामलला के दर्शन, जनभावनाओं और स्थानीय लोगों से की चर्चा
लव इंडिया, अयोध्या/मुरादाबाद। शिवसेना के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े कथित सोना-चांदी आभूषण प्रकरण को लेकर शिवसेना पदाधिकारियों की एक समिति अयोध्या पहुंची। शिवसेना के राष्ट्रीय नेताओं एवं सांसदों के निर्देश पर जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में 11 सदस्यीय टीम ने अयोध्या में विभिन्न लोगों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई और आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

शिवसेना नेताओं का कहना है कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े कथित आभूषण प्रकरण ने करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को प्रभावित किया है। इसी को देखते हुए संगठन द्वारा इस विषय पर व्यापक जनजागरण एवं आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
अयोध्या पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा, महंत अवधेशानंद, दिलीप शर्मा, दिल्ली प्रदेश उप प्रमुख रणविजय सिंह सहित 11 सदस्य शामिल रहे। टीम ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए और स्थानीय नागरिकों, संत समाज तथा शिवसेना पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनके विचार जाने।

शिवसेना नेताओं ने कहा कि संगठन पूरे प्रकरण से जुड़े तथ्यों का अध्ययन कर रहा है। अयोध्या से ही आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है। जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने बताया कि अयोध्या प्रवास के दौरान प्राप्त सुझावों और जानकारियों को राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष रखा जाएगा, जिसके बाद आगामी कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी।
