टीएमयू में अक्षय कुमार और को-स्टार्स ने बढ़ाईं हजारों छात्रों की धड़कनें, ‘वेलकम टू द जंगल’ का किया जोरदार प्रमोशन

अक्षय कुमार, दिशा पटानी, अक्षरा सिंह और राजपाल यादव ने 50 मिनट तक बांधा समां, कुलाधिपति सुरेश जैन ने छात्रों के लिए की बड़ी घोषणा

लव इंडिया, मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) का परिसर सोमवार को बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी से गुलजार हो उठा। आगामी कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के प्रमोशन के लिए अभिनेता अक्षय कुमार, दिशा पटानी, अक्षरा सिंह और हास्य अभिनेता राजपाल यादव टीएमयू पहुंचे। करीब 50 मिनट तक चले कार्यक्रम में हजारों छात्रों ने अपने पसंदीदा सितारों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

सुबह करीब 11:10 बजे स्टार कलाकारों का हेलीकॉप्टर टीएमयू के हेलीपैड पर उतरा। इसके बाद सभी कलाकार कुलाधिपति श्री सुरेश जैन के आवास ‘संवृद्धि’ पहुंचे, जहां कुलाधिपति श्री सुरेश जैन, ग्रुप वाइस चेयरमैन श्री मनीष जैन, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री अक्षत जैन तथा सुश्री नंदिनी जैन ने उनका बुके देकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान अक्षय कुमार ने छात्रों से कहा कि यदि वे हंसना और मुस्कुराना चाहते हैं तो 26 जून को रिलीज होने वाली फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ अवश्य देखें। मंच पर राजपाल यादव ने अपने चुटीले अंदाज से छात्रों को खूब गुदगुदाया, जबकि अक्षय कुमार, दिशा पटानी और अक्षरा सिंह ने शानदार नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को रोमांचक बना दिया।

मेरे शब्दकोष में रिटायरमेंट नही

छात्रों के साथ बातचीत में अक्षय कुमार ने कहा कि उनके जीवन में “रिटायरमेंट” जैसा कोई शब्द नहीं है। उन्होंने कहा कि लगातार काम करना ही उनकी ऊर्जा का सबसे बड़ा स्रोत है और युवा पीढ़ी को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए।

माता-पिता की सेवा में ही जन्नत

अक्षय कुमार ने छात्रों को जीवन में सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि माता-पिता की सेवा सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि माता-पिता के आशीर्वाद से ही जीवन में वास्तविक सफलता प्राप्त होती है।

जैन जीवनशैली का भी करता हूं पालन

एक छात्रा के प्रश्न पर अक्षय कुमार ने बताया कि वे अनुशासित जीवन जीते हैं। वे सूर्योदय से पहले उठते हैं और जैन परंपरा के अनुरूप सूर्यास्त से पहले भोजन करने का प्रयास करते हैं।

राजपाल यादव ने बिखेरे हास्य के रंग

राजपाल यादव ने मंच पर अपनी हास्य शैली से सभी का मनोरंजन किया। उन्होंने अक्षय कुमार के साथ अपनी पुरानी फिल्मों के अनुभव साझा किए और कहा कि ‘भूल भुलैया’ जैसी फिल्मों की यादें उनके लिए हमेशा खास रहेंगी।

छात्रों के लिए 250 रुपये की सौगात

कार्यक्रम के दौरान कुलाधिपति सुरेश जैन ने अक्षय कुमार से संवाद करते हुए कहा कि टीएमयू हमेशा फिल्म प्रमोशन के लिए खुला है। इस दौरान अक्षय कुमार ने छात्रों से फिल्म देखने की अपील की। जवाब में कुलाधिपति ने घोषणा की कि प्रत्येक छात्र के खाते में 250 रुपये क्रेडिट किए जाएंगे, ताकि वे फिल्म देख सकें। इस घोषणा पर पूरा पंडाल तालियों और उत्साह से गूंज उठा।

भारतीय संस्कृति और आस्था की झलक

मंच पर पहुंचते ही अक्षय कुमार ने सबसे पहले मंच को प्रणाम किया और “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ छात्रों का अभिवादन किया। उनके इस अंदाज ने छात्रों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम में कुलाधिपति सुरेश जैन, जीवीसी मनीष जैन, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अक्षत जैन, सुश्री नंदिनी जैन, श्रीमती वीना जैन, श्रीमती ऋचा जैन सहित विश्वविद्यालय के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!