अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, योग को बताया स्वस्थ जीवन का आधार
कैबिनेट मंत्री, महापौर, जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने किया योगाभ्यास

मुरादाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा आयोजित भव्य योग कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवन और फिट इंडिया का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडुला सहित अन्य गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि संपूर्ण जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाने की एक वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से सशक्त बनता है।

कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है। आज पूरी दुनिया योग को अपना रही है और इसके सकारात्मक परिणामों को स्वीकार कर रही है।
महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि योग व्यक्ति को तनावमुक्त रखने के साथ-साथ स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि योग एक ऐसी जीवन पद्धति है जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने में सहायक है। योग के माध्यम से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकता है।
वक्ताओं ने कहा कि योग सिर्फ एक क्रिया नहीं बल्कि शरीर को निरोग और मन को शांत रखने की वह प्रक्रिया है, जिसे भारतीय संस्कृति ने विश्व को प्रदान किया है। योग आत्मानुशासन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली का माध्यम है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया तथा नियमित योग करने का संकल्प लिया। आयोजन के अंत में स्वस्थ, जागरूक और फिट समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
मुरादाबाद। 12 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सोनकपुर स्टेडियम में कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह,जिलाधिकारी राजेंद्र पैसिया,जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर शेफाली सिंह,भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भांडुला, क्षेत्रीय मंत्री हरिओम शर्मा,रोडवेज कर्मचारी बरकतउल्ला खां, शिक्षक सुरेंद्र वर्मा,पंकज सक्सेना,इरफान,पायल गुप्ता,शिक्षक संजय कुमार व बडी तादाद में अन्य लोग मौजूद रहे।

