Odisha-2026 Chaupala के पुस्तक मेले में राकेश चक्र, आसिफ और ज्योति की किताबें बिकीं

लव इंडिया, मुरादाबाद। बुद्धि विहार स्थित गांधी मैदान में आयोजित उदीषा- 2026 चौपाला साहित्य उत्सव में आयोजित पुस्तक मेले में साहित्यिक मुरादाबाद द्वारा मुरादाबाद के साहित्यकार नाम से लगे स्टाल पर सर्वाधिक धनराशि प्रख्यात साहित्यकार डॉ राकेश चक्र की पुस्तकों की बिक्री से प्राप्त हुई है। द्वितीय स्थान पर उर्दू साहित्य शोध केंद्र के संस्थापक साहित्यकार डॉ मोहम्मद आसिफ हुसैन रहे जबकि तृतीय स्थान पर युवा लेखिका ज्योति कुमारी रहीं । डॉ मोहम्मद जावेद चौथे और डॉ जसदेव सिंह आनंद पांचवे स्थान पर रहे।


भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा बाल साहित्य के लिए दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान ‘बाल साहित्यश्री सम्मान’ , उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान द्वारा बाल साहित्य की दीर्घकालीन सेवाओं के लिए दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान ‘बाल साहित्य भारती’ से विभूषित मुरादाबाद के साहित्यकार डॉ राकेश चक्र की पुस्तकें बच्चों की मनोरंजक पहेलियाँ, बच्चों की ज्ञान वर्द्धक पहेलियां, बच्चों की प्रिय पहेलियाँ, भारत के स्वतंत्रता सेनानी, मेरी प्रिय बाल कहानियाँ तथा जीत आपके हाथ में पाठकों द्वारा पसंद की गईं। इन पुस्तकों की बिक्री से दो हजार दो सौ पांच रुपये की धनराशि प्राप्त हुई जो उन्होंने साहित्यिक मुरादाबाद न्यास को प्रदान कर दी।


मुरादाबाद के उर्दू साहित्य के इतिहास और विरासत को अपने लेखन के माध्यम से उजागर करने वाले साहित्यकार
डॉ मोहम्मद आसिफ हुसैन की पुस्तकें मुरादाबाद में गजल का सफर, मुरादाबाद के गैर मुस्लिम शायर तथा तज्किरा शोरा ए मुरादाबाद (उर्दू) की बिक्री से दो हजार अस्सी रुपये की धनराशि प्राप्त हुई। उन्होंने भी यह राशि साहित्यिक मुरादाबाद न्यास को प्रदान कर दी है।


तीसरे स्थान पर ज्योति कुमारी रहीं। उनकी पुस्तक जादुई जंगल की कहानियां से एक हजार नौ सौ रुपये की राशि प्राप्त हुई जो कृति की लेखिका को प्रदान कर दी गई।
इसके अतिरिक्त डॉ मनोज रस्तोगी द्वारा संपादित डॉ मोहम्मद जावेद की पुस्तक किस्से कहानियां की बिक्री से एक हजार सात सौ रुपये तथा डॉ जसदेव सिंह आनंद की पुस्तक तनाव से मुक्ति की बिक्री से एक हजार एक सौ नब्बे रुपये की धनराशि प्राप्त हुई।


पाठकों द्वारा डॉ प्रशांत भारद्वाज की पुस्तक एकादशी व्रत कथा, अशोक विश्नोई की सपनों का शहर, डॉ पूनम गुप्ता की सुंदर कांड गद्य रूप, डॉ जगदीश शरण की फूलन दि ग्रेट, अश्विनी प्रताप की प्रायश्चित, हर्ष अमरोही की कविता की परछाईं, जिया जमीर की ये सब फूल तुम्हारे नाम, डॉ प्रेमवती उपाध्याय की आचरण की गंध, राजकुमार वर्मा की संक्षिप्त हिन्दू ज्ञान माला, डॉ कृष्ण कुमार नाज की व्याकरण गजल का, डॉ चन्द्र प्रकाश शर्मा की अमृतत्व की खोज पुस्तकें भी पाठकों द्वारा पसंद की गईं।

स्टॉल पर मुरादाबाद मंडल के हिन्दी, उर्दू व अंग्रेजी भाषा के 76 साहित्यकारों की पुस्तकें प्रदर्शन/ बिक्री के लिए रखी गई थीं। पांच दिन में मुरादाबाद के साहित्यकारों की कुल 169 पुस्तकों की बिक्री हुई। स्टॉल पर एमआई टी के चेयरमैन वरिष्ठ अधिवक्ता श्री सुधीर गुप्ता की पुस्तिका हिन्दू धर्म क्या है (हिन्दी व अंग्रेजी) तथा मुरादाबाद के साहित्यकार श्री फक्कड़ मुरादाबादी की देशभक्ति गीतों की पुस्तिकाएं स्टॉल पर आए विद्यार्थियों और साहित्यप्रेमियों को निशुल्क भी वितरित की गईं ।

Hello world.

This is a sample box, with some sample content in it. this is an advertisement

error: Content is protected !!