डॉ. विशेष गुप्ता को राष्ट्रीय स्तर पर मिला ‘भारत प्रतिभा सम्मान 2026’

मुरादाबाद के प्रख्यात शिक्षाविद् एवं समाजसेवी डॉ. विशेष कुमार गुप्ता को शिक्षा, बाल अधिकार संरक्षण, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में उत्कृष्ट योगदान के लिए नई दिल्ली में भारत प्रतिभा सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया।

लव इंडिया, मुरादाबाद। शिक्षा, समाजसेवा और बाल अधिकार संरक्षण के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय प्रख्यात शिक्षाविद् एवं समाजसेवी डॉ. विशेष कुमार गुप्ता को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित भारत प्रतिभा सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नई दिल्ली में आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान पूर्व थल सेनाध्यक्ष एवं अरुणाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल जनरल जोगिंदर जसवंत सिंह तथा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने डॉ. गुप्ता को सम्मान-पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित अतिथियों ने शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।

डॉ. विशेष कुमार गुप्ता वर्तमान में विद्या भारती के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें लगभग 37 वर्षों के शिक्षण अनुभव के साथ शिक्षा, शोध, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों का व्यापक अनुभव है। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया है।

वह उत्तर प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में बाल संरक्षण, शिक्षा, बाल कल्याण और बच्चों के अधिकारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी पहल की गई। उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में उनकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान माना जा रहा है।सम्मान मिलने पर शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोगों ने डॉ. गुप्ता को शुभकामनाएं देते हुए इसे मुरादाबाद और उत्तर प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

error: Content is protected !!