दरोगा भर्ती परीक्षा के प्रश्न पर मुरादाबाद में विवाद: ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन, FIR दर्ज करने की मांग

उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस दरोगा (सब-इंस्पेक्टर) भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र में कथित रूप से ब्राह्मण समाज से जुड़े शब्द को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने थाना सिविल लाइंस पहुंचकर FIR दर्ज कराने की मांग की है।

भावनाओं को आहत करने वाला


समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 14 मार्च 2026 को आयोजित लिखित परीक्षा के प्रश्नपत्र में प्रश्न संख्या 31 में “अवसर के अनुसार बदल जाने वाला” वाक्यांश के लिए एक शब्द चुनने को कहा गया था, जिसके विकल्पों में “पंडित” शब्द भी शामिल किया गया था।
ब्राह्मण समाज के लोगों का कहना है कि “पंडित” शब्द भारतीय समाज में विशेष रूप से ब्राह्मण समुदाय के लिए सम्मानजनक संबोधन माना जाता है। ऐसे में इसे नकारात्मक संदर्भ में विकल्प के रूप में शामिल करना समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है।

पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए


समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकारी भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र में इस प्रकार की सामग्री शामिल होना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे समाज में रोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
प्रार्थना पत्र देने वाले रजत शर्मा, निवासी दसवां घाट, थाना नागफनी, मुरादाबाद ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही प्रश्नपत्र तैयार करने वाले संबंधित अधिकारी या संस्था के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 299 के तहत FIR दर्ज कर कार्रवाई की जाए।

विवादित प्रश्न की प्रति भी साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपी


ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि भविष्य में किसी भी समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाली घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने विवादित प्रश्न की प्रति भी साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंप दी है।

समाज के यह लोग रहे मौजूद


इस दौरान सूर्य शर्मा, विष्णु पंडित, रजत श्रोत्रिय, अनूप कौशल, करणवीर शर्मा, एडवोकेट अभिषेक शर्मा, एडवोकेट अभिषेक भारद्वाज, एडवोकेट सुधीर शर्मा, नवीन शर्मा, अर्जुन शर्मा, विशाल शर्मा, सुमित शर्मा, मुदित उपाध्याय, अरविंद मिश्रा, प्रयांशु जोशी, विष्णु शर्मा, कोमल त्यागी, नवनीत शर्मा, सौरभ शर्मा, मोहित शर्मा सहित ब्राह्मण समाज के कई लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!