मलकद्दा सहित जिले के सभी लकड़ी के पुलों को हटाकर पक्का निर्माण कराया जाए: डाॅ तुरैहा
लव इंडिया, मुरादाबाद। थाना मझोला क्षेत्र में 28 अगस्त को हुए हादसे ने प्रशासन की लापरवाही की पोल खोल दी। हर्बल पार्क के पास मलकद्दा चट्टापुल (लकड़ी का पुल) पर बल्ली टूटने से महिला किरण की मौत हो गई, जबकि उसका मासूम बेटा प्रियांशु गगन नदी के तेज बहाव में लापता हो गया।

इस मामले में भारतीय किसान यूनियन (संविधान) के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने आज जिलाधिकारी मुरादाबाद को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि मलकद्दा गाँव के पास गगन नदी पर पक्के पुल की मांग 25 वर्षों से लंबित है।

सरकारी फाइलों में दबी इस योजना के तहत नया मुरादाबाद की 60 मीटर चौड़ी सड़क को हाईवे का रूप देकर नदी किनारे तक तो बना दिया गया, लेकिन नदी पर प्रस्तावित पुल का निर्माण आज तक कागजों में ही है।

तुरैहा ने बताया कि जनपद में कई दर्जन स्थानों पर ऐसे ही अस्थाई लकड़ी के पुल बने हैं, जिन पर आये दिन हादसे होते हैं। उन्होंने मांग की है कि मलकद्दा सहित जिले के सभी लकड़ी के पुलों को हटाकर पक्का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में जनहानि रोकी जा सके। इसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को भी भेजी गई है।
