सावन और महाशिवरात्रि की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, पातालेश्वर महादेव मंदिर में व्यवस्थाएं परखी
लव इंडिया, संभल। सावन माह और महाशिवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संभल के जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई (आईपीएस) ने शुक्रवार को सिद्धपीठ श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, श्री कल्कि नगरी का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर में जलाभिषेक, कांवड़ियों की व्यवस्था, भंडारा, प्रसाद वितरण, सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मंदिर के महंत पंडित जुगलकिशोर मिश्रा से तैयारियों पर चर्चा करते हुए सभी धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शासन और प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सावन और महाशिवरात्रि के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।मंदिर के महंत पंडित जुगलकिशोर मिश्रा ने निरीक्षण के लिए पहुंचे अधिकारियों का स्वागत करते हुए प्रशासन के सहयोग पर आभार व्यक्त किया।

