गोकशी के मामले में भारतीय गोरक्षा सेना का पूर्व महासचिव
लव इंडिया, मुरादाबाद। मुरादाबाद पुलिस ने गोकशी के एक मामले में वांछित आरोपी आसिम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस तथा गोकशी में इस्तेमाल होने वाले कुछ उपकरण भी बरामद किए गए हैं। आसिम ने खुद को भारतीय गोरक्षा सेना का पूर्व महासचिव होने का दावा किया।

पुलिस के मुताबिक देर रात करीब तीन बजे हाईवे क्षेत्र के याकूतपुर छपरी कट के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी आसिम को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने खुद को भारतीय गोरक्षा सेना का पूर्व महासचिव बताया। पुलिस का यह भी दावा है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर गोकशी से जुड़े अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर कुछ लोग थाने पहुंचे, हालांकि पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले की जानकारी दिए जाने के बाद स्थिति सामान्य रही। बाद में पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
