संभल में भाजपा की संगठनात्मक बैठक, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर



लव इंडिया संभल। भाजपा जिला कार्यालय, एकता विहार कॉलोनी, संभल में 12 सितंबर को महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी अभियानों और कार्ययोजनाओं को लेकर पदाधिकारियों ने गहन मंथन किया। बैठक की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित करके हुई।


बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर तथा क्षेत्रीय महामंत्री संजीव सिक्का मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह ने मंचासीन अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने जिले में चल रहे संगठनात्मक कार्यक्रमों और अभियानों की प्रगति रिपोर्ट के साथ आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।


पदाधिकारियों की सक्रियता की हुई समीक्षा


बैठक के प्रथम चरण में क्षेत्रीय महामंत्री संजीव सिक्का ने सांगठनिक समीक्षा की। उन्होंने जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और मोर्चा प्रभारियों की उपस्थिति का ब्यौरा लिया तथा संगठन के प्रति सक्रियता और दायित्वों के निर्वहन की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि संगठन में प्रत्येक पदाधिकारी की भूमिका निर्धारित है और सभी को आपसी समन्वय के साथ क्षेत्र में सक्रिय होकर कार्य करना होगा। उन्होंने अनुशासन और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए आगामी अभियानों की सफलता के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान


मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की असली शक्ति है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंवाद बढ़ाने और जनता की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।


चार चरणों में हुई बैठक


बैठक के दूसरे चरण में अभियान संयोजकों एवं अभियान टोली के साथ बैठक हुई, जिसमें विभिन्न अभियानों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया।
तीसरे चरण में पूर्व पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक कार्यों को लेकर चर्चा और वार्ता हुई। इसके बाद अंतिम चरण में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री हरिओम शर्मा ने किया। अंत में जिलाध्यक्ष ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।


बैठक में परमेश्वर लाल, राजेश सिंघल, राजेश शंकर राजू, बिरलेश यादव, आमवीर सिंह खड़गवंशी, मनोज कठेरिया, शिल्पी गुप्ता, सुधीर मल्होत्रा, दीपक यादव, विपिन गुप्ता, सौरभ गुप्ता, जयप्रकाश प्रजापति, योगेंद्र त्यागी, अर्जुन वाल्मीकि, विशाल चौहान, राखी सिरोही, चरन सिंह भारती, अवधेश प्रताप, मुकुल रस्तोगी, अंकित जैन, यश मदान, सोनू चाहल, चंद्रसेन राणा, देवचंद सेनी, शांति स्वरूप, सौरभ त्यागी, शिखर गोयल, जयप्रकाश गुप्ता, प्रभात शर्मा, पंकज गुप्ता, हर्ष वर्धन, देवेंद्र सिंह, आधार रस्तोगी, अशोक यादव और तेजपाल सैनी समेत सभी मंडलों के अध्यक्ष, मोर्चों के जिलाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


error: Content is protected !!