समुद्र के जल से हुआ भगवान श्री कल्कि का राजतिलक

लव इंडिया संभल । श्री कल्कि सेना (निष्कलंक दल) द्वारा आयोजित 66 वें श्री कल्कि जयंती महोत्सव कार्यक्रम में आज प्राचीन श्री कल्कि विष्णु मंदिर, कोट पूर्वी में सर्वप्रथम प्रातः 7:00 बजे कलयुग के अवतारी भगवान श्री कल्कि जी के अलौकिक एवं मनोहारी स्वरूप के दिव्य दर्शन हुए।


प्रातः 9:00 बजे मंदिर प्रांगण में महायज्ञ का आयोजन किया गया जिसमें समस्त कल्कि भक्तों ने सहभागिता कर यज्ञ में भारतवर्ष के उन्नति एवं खुशहाली के लिए आहुति प्रदान की। यज्ञ का महत्व बताते हुए आचार्य पंडित शोभित शास्त्री ने कहा यज्ञ मानव जीवन को सफल बनाने की एक आधारशिला है। इसके कुछ भाग विशुद्ध आध्यात्मिक हैं। अग्नि पवित्र है और जहां यज्ञ होता है, वहां संपूर्ण वातावरण, पवित्र और देवमय बन जाता है। यज्ञवेदी में ‘स्वाहा’ कहकर देवताओं को भोजन परोसने से मनुष्य को दुख-दारिद्रय और कष्टों से छुटकारा मिलता है।


यज्ञ उपरांत विशाल भंडारा आयोजित किया गया । जिसमें नगर एवं बाहर से आए हुए हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धार्मिक एवं आध्यात्मिक लाभ की प्राप्ति की। तदुपरांत भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें कल्कि भक्तों ने भगवान श्री कल्कि जी के सुंदर भजनों का गुणगान कर, कलयुग से उद्धार का माध्यम सिर्फ और सिर्फ कल्कि नाम का उच्चारण ही बताया।


तद्उपरांत आज के कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संभल सरकार भगवान श्री कल्कि जी का राजतिलक रहा, जिसमें गोधूलि बेला में समुद्र के जल से वैदिक ब्राह्मणों द्वारा वेद मंत्रों, घंटों की ध्वनि व शंखनाद की ध्वनि से भगवान श्री कल्कि जी के जन्मोत्सव पर राजतिलक किया गया।
सांयकाल मंदिर के जगमोहन में 108 दीप प्रज्ज्वलित कर दीप उत्सव कार्यक्रम मनाया गया । साथ ही भगवान श्री कल्कि को 56 भोग लगाकर उसका प्रसाद वितरित किया गया।


दीप उत्सव कार्यक्रम के उपरांत दिव्य नृत्य नाटिका एवं सुंदर मनोहर झांकियां प्रस्तुत की गई। जिसमें भगवान के स्वरूप के माध्यम से कलाकारों ने कार्यक्रम की सुंदरता एवं भव्यता को आनंद की पराकाष्ठा पर पहुंचा दिया। जिसमें उपस्थित सभी कल्कि भक्त झूमने पर मजबूर हो गए।


रात्रि 12:00 बजे भगवान श्री कल्कि जी की महारती कर सभी को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप कुमार गुप्ता ने 2 दिवसीय कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले समस्त सामाजिक ,धार्मिक संगठनों, शासन, प्रशासन, नगर पालिका परिषद, कल्कि सैनिकों, म्यूजिशियंस, बाल कलाकारों, गायको, लाइट्स मैन, टेंट व्यवस्थापक, भोजन एवं जलपान की बहुत अच्छी व्यवस्था करने वाले हलवाई आदि सहयोगकर्ताओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका सम्मान व अभिनंदन किया।


इस दौरान अमरनाथ दीक्षित,कुलदीप कुमार गुप्ता,वैभव शर्मा , आचार्य पंडित शोभित शास्त्री, गगन वार्ष्णेय, शंकर शर्मा, प्रियांशु शर्मा, हिमांशु शर्मा, शशांक शर्मा , अनुराग रस्तोगी, प्रियांशु अग्रवाल ,कृष्ण प्रसाद मिश्र, उज्ज्वल सक्सेना, रानू गुप्ता, नवीन सक्सेना, आकाश चौहान, अनुज शर्मा, सुभाष खन्ना, ऋषभ श्रीवास्तव, राहुल शर्मा ,अक्षय शर्मा (मोंटी) , आंसू रस्तोगी, पुष्कल गुप्ता,निरुपमा गोयल, सुषमा गुप्ता, संजय गुप्ता, पंडित महेंद्र प्रसाद शर्मा , रितिक शुक्ला, मनोज शर्मा,सोनू गोला, प्रशांत रूहेला आदि उपस्थित रहे ।

error: Content is protected !!