मछुआ समाज एकजुट होकर अपने बच्चों को शिक्षित करे: अपर जनपद न्यायाधीश सुधीर तोमर
लव इंडिया रामपुर। तुरैहा मछुआ समाज के तत्वावधान में रविवार को जिला सहकारी बैंक सभागार में मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 100 छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर जनपद न्यायाधीश नैनीताल सुधीर तोमर, विशिष्ट अतिथि डॉ. सी.पी. सिंह तथा क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी पशुपति देव ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं वीर एकलव्य के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।

मुख्य अतिथि सुधीर तोमर ने कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति शिक्षा से ही संभव है। उन्होंने कहा कि मछुआ समाज को संगठित होकर अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षित युवा ही परिवार, समाज और देश का भविष्य बदल सकते हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. सी.पी. सिंह ने कहा कि वे स्वयं इसी समाज से आते हैं और शिक्षा के बल पर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वह मुरादाबाद में जिज्ञासा हॉस्पिटल का संचालन कर रहे हैं, जहां सैकड़ों लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।

क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी पशुपति देव ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह बच्चों और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हैं। उन्होंने समाज में शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने पर भी जोर दिया।
तुरैहा मछुआ समाज के जिलाध्यक्ष कमल कुमार तुरैहा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। इसी उद्देश्य से मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट उत्तीर्ण लगभग 100 विद्यार्थियों को स्कूल बैग, भगवान श्रीराम एवं महाराजा निषादराज के मिलन का चित्र, संगठन का प्रशस्ति-पत्र तथा एक पेन भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में संगठन की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री राम सिंह तुरैहा (एडवोकेट), वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद कश्यप (सभासद), सुभाष चंद्र, अजय कुमार प्रधान, अर्जुन कुमार, अरविंद कुमार, डॉ. कृपाल सिंह, राकेश कुमार, पवन कश्यप, मुरारी लाल, संजीव कुमार, दिनेश कुमार, बालकिशोर तुरैहा, विक्रम सिंह, रामगोपाल पंडित, गोविंद राम, धर्म सिंह, नंद किशोर, दिनेश कश्यप, बृजपाल सिंह, श्वेता तुरैहा सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राम सरन तुरैहा ने किया तथा अंत में जिलाध्यक्ष कमल कुमार तुरैहा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
