आजम खां- अब्दुल्लाह आजम को राहत या झटका, आज शाम तक पता चल जाएगा, दोनों मामलों में याचिकाओं पर हाईकोर्ट में चल रही अहम सुनवाई


लव इंडिया रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम से जुड़े मामलों में सोमवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई हो रही है। दोनों मामलों में दाखिल आपराधिक पुनरीक्षण याचिकाओं पर अदालत की कार्यवाही पर निगाहें टिकी हैं।
अब्दुल्लाह आजम से जुड़े दो पैन कार्ड मामले के साथ ही आजम खां की ओर से दाखिल याचिकाओं पर भी सुनवाई प्रस्तावित है। दोनों ने रामपुर की एमपी-एमएलए अदालत से मिली सजा को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।


आजम खां की 10 साल और अब्दुल्लाह की 7 साल की सजा को चुनौती


मामले में पिता-पुत्र की ओर से अलग-अलग क्रिमिनल रिवीजन दाखिल की गई हैं। आजम खां ने अपने खिलाफ सुनाई गई 10 वर्ष की सजा, जबकि अब्दुल्लाह आजम ने 7 वर्ष की सजा को हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
याचिकाओं के जरिए दोनों पक्षों की ओर से सजा पर रोक समेत अन्य कानूनी राहत की मांग की गई है। अब हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई में अदालत का रुख आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


अदालत के रुख पर टिकी निगाहें


इन मामलों की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट से मिलने वाली राहत या आगे की कार्यवाही से जुड़े निर्देश मामले की दिशा को प्रभावित कर सकते हैं। यही वजह है कि रामपुर के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में भी आज की सुनवाई को लेकर चर्चा बनी हुई है।
हालांकि, सुनवाई के दौरान अदालत का अंतिम आदेश आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि दोनों मामलों में आगे की कानूनी स्थिति क्या रहती है।

error: Content is protected !!