मुरादाबाद बार एसोसिएशन ने 16 सितंबर को न्यायिक कार्य से विरत रहने का लिया फैसला


लव इंडिया, मुरादाबाद। दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी मुरादाबाद की कार्यकारिणी की बैठक में अधिवक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के बाद कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता एडवोकेट ने की, जबकि संचालन महासचिव कपिल गुप्ता एडवोकेट ने किया।


बैठक में 10 और 11 सितंबर को कानपुर में आयोजित अधिवक्ता संघों के प्रांतीय महासम्मेलन में पारित प्रस्तावों की जानकारी कार्यकारिणी के सदस्यों को दी गई। महासम्मेलन में अधिवक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई थी।


16 सितंबर को हड़ताल का निर्णय


कार्यकारिणी ने महासम्मेलन में पारित प्रस्ताव के समर्थन में 16 सितंबर 2026, बुधवार को न्यायिक कार्य से विरत रहने और हड़ताल करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया। बार एसोसिएशन ने यह भी प्रस्ताव पारित किया कि यदि कोई अधिवक्ता बुधवार को न्यायालय में न्यायिक कार्य करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


अधिवक्ता सुरक्षा कानून और हाईकोर्ट बेंच की मांग


बैठक में अधिवक्ताओं से संबंधित कई मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। इनमें अधिवक्ताओं को लगातार हड़ताल पर न जाने के संबंध में वचनपत्र देने के लिए बनाए जा रहे कथित दबाव, एडवोकेट एक्ट-1961 में प्रस्तावित संशोधन, इलाहाबाद हाईकोर्ट के रिट संख्या 12231/2025 में दिए गए निर्णय और प्रदेश में जल्द अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग शामिल रही।
इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर भी चर्चा हुई।


मुख्यमंत्री की घोषणा पर धन्यवाद प्रस्ताव


कार्यकारिणी ने प्रयागराज में अधिवक्ताओं के लिए मुख्यमंत्री द्वारा पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की घोषणा के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। यह प्रस्ताव संबंधित स्तर पर भेजे जाने का निर्णय लिया गया।


नए बार संविधान की प्रति 50 रुपये में मिलेगी


बैठक में बार एसोसिएशन के सदस्यों के लिए 4 जुलाई से लागू नए बार संविधान की प्रति उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया। कार्यकारिणी ने संविधान की प्रति सदस्यों को 50 रुपये के शुल्क पर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पारित किया।


बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंजार हुसैन, कोषाध्यक्ष अजय बंसल, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पुनीत चौहान, संयुक्त सचिव सचिन शर्मा, आवरण अग्रवाल, जितेंद्र प्रताप सिंह जेपी, रमा पांडे, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य शिवकुमार गौतम, कैलाश सिंह, जाबिर हुसैन तथा कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य फिरोज आलम, सचिन कुमार, पंकज शर्मा और सुनील कुमार सक्सेना मौजूद रहे।

error: Content is protected !!