गोकुलदास हिंदू गर्ल्स कॉलेज में देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
लव इंडिया, मुरादाबाद। गोकुलदास हिंदू गर्ल्स कॉलेज, मुरादाबाद में आज दिनांक 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर चारु मल्होत्रा द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। तत्पश्चात राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर चारु मल्होत्रा ने अपने उद्बोधन में सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। इसलिए हमारा दायित्व है कि हम देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए सदैव सजग रहें। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी, विशेष रूप से छात्राएं, राष्ट्र के भविष्य की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार, संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनना भी है।

उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि वे अपने जीवन में अनुशासन, ईमानदारी, परिश्रम और राष्ट्रप्रेम को अपनाएं तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के बिना विकसित भारत की कल्पना पूर्ण नहीं हो सकती। छात्राएं शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति, महिला सुरक्षा तथा समाज में जागरूकता फैलाने के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझें और देश की प्रगति में अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करें। कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सविता अग्रवाल एवं श्रीमती शिवानी गुप्ता द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के मुख्य अनुशासिका किरन साहू,प्रोफेसर मीनाक्षी शर्मा,प्रोफेसर अनुराधा सिंह,प्रोफेसर वंदना पांडे,प्रोफेसर किरन त्रिपाठी,प्रोफेसर अपर्णा जोशी,प्रोफेसर सुरेश,प्रोफेसर प्रवीण सैनी,प्रोफेसर करुणानंद, प्रोफेसर आंचल गुप्ता,प्रोफेसर सीमा गुप्ता आदि शिक्षिकाएं उपस्थित रही साथ ही महाविद्यालय के समस्त कर्मचारी एवं छात्राएं भी उपस्थित रही । कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं देशभक्ति की भावना के साथ हुआ।
