AI से अश्लील फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी, मुकदमा दर्ज
लव इंडिया, मुरादाबाद। जनपद के थाना अगवानपुर क्षेत्र की एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से कथित रूप से अश्लील फोटो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरीन पत्नी वसीम, निवासी अगवानपुर, जनपद मुरादाबाद, ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि अयान पुत्र वकील, निवासी महोली, दिल्ली, उनकी तस्वीरों का दुरुपयोग कर एआई ऐप के माध्यम से अश्लील फोटो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देता है। आरोप है कि आरोपी उन्हें पति को छोड़कर उसके साथ रहने का दबाव बनाता है। आरोप है कि मना करने पर वह उनकी अन्य लोगों के साथ भी आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल करने और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता है।
एफआईआर के अनुसार, महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी की मां बबली भी इस मामले में उसका साथ दे रही हैं। शिकायत में कहा गया है कि यदि कानूनी कार्रवाई की गई तो फोटो फेसबुक और इंस्टाग्राम समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दी जाएंगी।
महिला ने पुलिस से आरोपी और सह-आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
