मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले – यूपी में सब चंगा’, मुरादाबाद को 365 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी
उमेश लव लव इंडिया मुरादाबाद।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद में आयोजित विशाल जनसभा से कानून-व्यवस्था, विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “कौन दंगा करेगा, अब यूपी में सब चंगा होगा।” मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और अब अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है।

बुद्धि विहार स्थित जनसभा में मुख्यमंत्री ने करीब 365 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और सुरक्षा को साथ लेकर आगे बढ़ रही है, जिसका लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में दंगे, माफिया और अपराधियों का बोलबाला था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
विकास की रफ्तार होगी और तेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुरादाबाद समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, नगर विकास और आधारभूत सुविधाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी विकास कार्यों की गति और तेज होगी।
बिजली व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के निर्देश देते हुए कहा कि अनावश्यक बिजली कटौती और जर्जर तारों की समस्या का समयबद्ध समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
भारी संख्या में जुटे लोग

जनसभा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखा।
