जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में शिवसेना की विद्यार्थी सेना का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कार्रवाई का किया विरोध, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई
लव इंडिया, मुरादाबाद। दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में शिवसेना विद्यार्थी सेना के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मुरादाबाद कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई।

विद्यार्थी सेना के महानगर प्रमुख आकाश कुमार की ओर से दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों के साथ पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया। ज्ञापन में इस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई।
ज्ञापन में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर भी चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की गई। संगठन का कहना है कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए तथा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने वालों के अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान शिवसेना विद्यार्थी सेना के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया।
इस अवसर पर अरुण ठाकुर, आकाश कुमार, गगन ठाकुर, मयंक सैनी, मनीष सैनी, तेजपाल सैनी, विशाल सैनी, अंकित कुमार, राहुल कुमार, जीतू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
