मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुरादाबाद पहुंचे, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा के बाद 365 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

उमेश लव लव इंडिया मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मुरादाबाद पहुंच गए। उनका हेलीकॉप्टर सर्किट हाउस स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

सर्किट हाउस पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने मंडल के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पुराने एवं लंबित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में नई परियोजनाओं की कार्ययोजना, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन तथा आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद मंडल के विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा आम जनता से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनसभा में देंगे विकास परियोजनाओं की सौगात

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 4:40 बजे बुद्धि विहार फेज-2 स्थित जनसभा स्थल पहुंचेंगे। यहां वह जनसभा को संबोधित करेंगे और करीब 365 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

इन परियोजनाओं के माध्यम से सड़क, आधारभूत ढांचा, नगर विकास तथा अन्य जनहित से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं रहीं चाक-चौबंद

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। सर्किट हाउस से लेकर जनसभा स्थल तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और जनसुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को पहले से ही आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए थे, जिसके चलते पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के प्रयास किए गए।

error: Content is protected !!