बदरीनाथ धाम में शीतकाल में 12 साधु-संतों को तपस्या की अनुमति दी गई

India Uttar Pradesh तीज-त्यौहार तेरी-मेरी कहानी

लव इंडिया, देहरादून : जोशीमठ तहसील प्रशासन ने अभी तक 12 साधु-संतों को शीतकाल में बदरीनाथ धाम में निवास करने की अनुमति दी है। इस दौरा साधु-संत धाम में तपस्या करते हैं। प्रशासन की अनुमति के बाद ही साधुओं को धाम में रहने की अनुमति दी जाती है।

इस बार बदरीनाथ धाम के कपाट 19 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे। जोशीमठ तहसील प्रशासन को 33 साधु-संतों ने धाम में तपस्या करने के लिए आवेदन किया था। इनमें से 12 साधु-संतों की मेडिकल व आवेदन की रिपोर्ट सही पाए जाने पर धाम में रहने की अनुमति दी गई है।

जोशीमठ की एसडीएम कुमकुम जोशी ने बताया कि मेडिकल और अन्य दस्तावेजों की गहनता से जांच के उपरांत अभी तक 12 साधु संतों को धाम में रहने की अनुमति दी गई है। अन्य आवदेनों की भी जांच की जा रही है।

पवित्र स्थान वर्तमान में बद्रीविशाल के नाम से सर्वविदित

पौराणिक लोक कथाओं के अनुसार, बद्रीनाथ तथा इसके आस-पास का पूरा क्षेत्र किसी समय शिव भूमि (केदारखण्ड) के रूप में अवस्थित था। जब गंगा नदी धरती पर अवतरित हुई, तो यह बारह धाराओं में बँट गई तथा इस स्थान पर से होकर बहने वाली धारा अलकनन्दा के नाम से विख्यात हुई।

मान्यतानुसार भगवान विष्णु जब अपने ध्यानयोग हेतु उचित स्थान खोज रहे थे, तब उन्हें अलकनन्दा के समीप यह स्थान बहुत भा गया। नीलकण्ठ पर्वत के समीप भगवान विष्णु ने बाल रूप में अवतार लिया, और क्रंदन करने लगे। उनका रूदन सुन कर माता पार्वती का हृदय द्रवित हो उठा, और उन्होंने बालक के समीप उपस्थित होकर उसे मनाने का प्रयास किया, और बालक ने उनसे ध्यानयोग करने हेतु वह स्थान मांग लिया। यही पवित्र स्थान वर्तमान में बद्रीविशाल के नाम से सर्वविदित है।

कई वर्षों तक इस स्थान पर तपस्या की थी

विष्णु पुराण में इस क्षेत्र से संबंधित एक अन्य कथा है, जिसके अनुसार धर्म के दो पुत्र हुए- नर तथा नारायण, जिन्होंने धर्म के विस्तार हेतु कई वर्षों तक इस स्थान पर तपस्या की थी। अपना आश्रम स्थापित करने के लिए एक आदर्श स्थान की तलाश में वे वृद्ध बद्री, योग बद्री, ध्यान बद्री और भविष्य बद्री नामक चार स्थानों में घूमे। अंततः उन्हें अलकनंदा नदी के पीछे एक गर्म और एक ठंडा पानी का चश्मा मिला, जिसके पास के क्षेत्र को उन्होंने बद्री विशाल नाम दिया। यह भी माना जाता है कि व्यास जी ने महाभारत इसी जगह पर लिखी थी और नर-नारायण ने ही क्रमशः अगले जन्म में क्रमशः अर्जुन तथा कृष्ण के रूप में जन्म लिया था। महाभारतकालीन एक अन्य मान्यता यह भी है कि इसी स्थान पर पाण्डवों ने अपने पितरों का पिंडदान किया था। इसी कारण से बद्रीनाथ के ब्रम्हाकपाल क्षेत्र में आज भी तीर्थयात्री अपने पितरों का आत्मा का शांति के लिए पिंडदान करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *