ढहने लगा आजम खां का किला, मीडिया प्रभारी फसाहत खां उर्फ शानू भी समर्थकों संग हुए भाजपाई

India Uttar Pradesh तेरी-मेरी कहानी युवा-राजनीति

लव इंडिया, रामपुर। प्रदेश के कद्दावर नेता और समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य आजम खां का किला धरे-धीरे ढहने लगा है। उप चुनाव से पहले आजम खां का दाहिना हाथ माने जाने वाले मीडिया प्रभारी फसाहत खां उर्फ शानू ने सोमवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। गौरतलब है कि फसाहत खां ने आजम खां के जेल में बंद होने के दौरान सपा मुखिया अखिलेश यादव को सवालों में घेरा था जिससे प्रदेश भर में हलचल मच गई थी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के रोड शो में उमड़ी भीड़

उप चुनाव में सोमवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने प्रत्याशी आकाश सक्सेना के समर्थन में रोड शो किया और अंबेडकर पार्क में बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को संबोधित किया है। शहर में निकाले गए रोड शो में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की और फूलों से स्वागत भी किया।इस दौरान प्रत्याशी आकाश सक्सेना भी साथ रहे। अंबेडकर पार्क में चौधरी भूपेंद्र सिंह ने दावा किया कि उपचुनाव में भाजपा की जीत तय है। मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ और पीएम नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रदेश के सभी वर्ग खुश हैं। उन्होंने बूथ लेबल कार्यकर्ताओं से अपने बूथ पर मुस्तैदी से तैनात रहने और पार्टी के दिशा निर्देशों का पालन करने की हिदायत देते हुए बूथ जीतो-चुनाव जीतो का मंत्र दिया।

शानू बोले-मोदी राज में देश कर रहा तरक्की

उपचुनाव अबके बिल्कुल अंदाज में होता दिख रहा है। आजम खां की परंपरागत सीट पर इस बार भाजपा प्रत्याशी बेहद दमखम में दिखाई दे रहा है। माना जा रहा है कि सपा के प्रत्याशी चयन को लेकर सपाइयों में नाराजगी खत्म नहीं हो रही है। कई बड़े चेहरे सपा प्रत्याशी का साथ छोड़ चुके हैं और भाजपा प्रत्याशी का समर्थन कर रहे हैं। इसी क्रम में फसाहत खां शानू के भाजपा में शाामिल होने को देखा जा रहा है। सोमवार शाम को शानू ने भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना के चुनाव कार्यालय पर प्रदेशाध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इस मौके पर संयमित तरीके से बोलते हुए शानू ने कहा है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की कर रहा है। वह भाजपा की नीतियों से प्रभावित हैं और भाजपा प्रत्याशी को जीजान से चुनाव लड़ाएंगे। उन्होंने सपा से अपनी नाराजगी नहीं जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *