पीडीए बैठक में भड़के सपा सांसद रामजी लाल सुमन, मंच पर फेंका माइक, देखिए वायरल वीडियो भी


लव इंडिया, मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी की ओर से मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित पीडीए बैठक के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब अचानक बिजली चली गई। बैठक को संबोधित कर रहे सपा के राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन बिजली और माइक की समस्या से नाराज हो गए और उन्होंने हाथ में पकड़ा माइक मंच पर फेंक दिया।


रामजी लाल सुमन करीब शाम 4:30 बजे सपा कार्यालय पहुंचे थे। बैठक में 15 नवंबर को आगरा में प्रस्तावित पश्चिमी उत्तर प्रदेश दलित सम्मेलन की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर चर्चा की जा रही थी। इसी दौरान करीब सवा पांच बजे बिजली चली गई।


बिजली जाने के बाद कुछ देर के लिए कार्यक्रम में अफरा-तफरी की स्थिति बनी। इसी दौरान सुमन का माइक भी बंद हो गया। नाराज सांसद ने माइक मंच पर फेंक दिया। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्थिति संभाली।


घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सुमन भाषण के दौरान माइक की आवाज में समस्या आने के बाद नाराज होते और माइक फेंकते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं से 15 नवंबर को आगरा पहुंचने का आह्वान किया।


बैठक में सुमन ने अपने संबोधन के दौरान भाजपा और आरएसएस पर भी राजनीतिक निशाना साधा। यह बैठक आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की तैयारियों के सिलसिले में आयोजित की गई थी।


error: Content is protected !!