मुरादाबाद मंडलीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी सख्त, 15 जुलाई तक जनप्रतिनिधियों के सभी विकास प्रस्ताव स्वीकृत करने के निर्देश

उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद में मंडलीय समीक्षा बैठक के दौरान विकास कार्यों, राजस्व, कानून-व्यवस्था और लोक निर्माण विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग समयबद्ध ढंग से कार्य सुनिश्चित करें।

15 जुलाई तक स्वीकृत हों जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए सभी प्रस्तावों को 15 जुलाई तक स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि विकास कार्य बिना विलंब के शुरू किए जा सकें।

उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होगी।

जनसुनवाई और आईजीआरएस मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई, आईजीआरएस शिकायतों तथा राजस्व वादों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि वरासत के निर्विवाद मामलों को बिना अनावश्यक विलंब के निपटाया जाए।

विकास परियोजनाओं में एनओसी और विभागीय समन्वय की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलाधिकारी प्रत्येक 15 दिन और मंडलायुक्त प्रत्येक माह प्रगति की समीक्षा करें।

स्वच्छता, वृक्षारोपण और मिशन शक्ति पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण स्वच्छता अभियान, सामुदायिक शौचालयों के प्रभावी संचालन, नि:क्षय मित्र योजना, लक्ष्य के अनुरूप व्यापक वृक्षारोपण तथा मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

गो-तस्करी, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस

बैठक में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि गो-तस्करी, साइबर अपराध और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों से अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान

मुख्यमंत्री ने पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण सोलर पैनल लगाए जाने पर बल दिया। साथ ही बिजली चोरी रोकने के लिए हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर विशेष अभियान चलाने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

गर्ल्स स्टेडियम, गांधी मैदान और इंडस्ट्रियल जोन पर भी निर्देश

मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद-काशीपुर सीमा पर प्रस्तावित गर्ल्स स्टेडियम के लिए नियमानुसार प्रस्ताव शासन को भेजने, गांधी मैदान के विकास, शहरी मलिन बस्तियों के पुनर्विकास तथा सरदार वल्लभभाई पटेल इम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन के लिए शीघ्र भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन में लापरवाही पर होगी एफआईआर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद यदि सड़कें क्षतिग्रस्त छोड़ दी जाती हैं तो संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य पूरा होने के बाद सड़कें पूर्व स्थिति में बहाल कराई जाएं।

गोशालाओं की व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने गोशालाओं में पशुओं के लिए पर्याप्त चारे, समय पर उपचार और मोबाइल वेटरनरी सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन, पारदर्शी प्रशासन और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

error: Content is protected !!