चंदौसी तहसील में दो राजस्व निरीक्षकों को भावभीनी विदाई, सम्मान समारोह में छलके जज्बात
सेवानिवृत्त राजस्व निरीक्षक सुधीर कुमार गुप्ता और सऊद हसन का पुष्पवर्षा, शॉल व माल्यार्पण कर किया सम्मान
लव इंडिया, संभल/चंदौसी। जनपद संभल की तहसील चंदौसी में कार्यरत दो राजस्व निरीक्षकों के सेवानिवृत्त होने पर बुधवार को भावभीना विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में तहसील परिवार ने दोनों अधिकारियों को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सेवानिवृत्त होने वाले राजस्व निरीक्षकों में आनंद विहार कॉलोनी, संभल निवासी सुधीर कुमार गुप्ता तथा पंजू सराय निवासी सऊद हसन शामिल रहे। दोनों अधिकारियों की संयुक्त विदाई तहसील परिसर में पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

इस अवसर पर तहसील में कार्यरत राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, महिला लेखपाल तथा अन्य कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों को पुष्पमालाएं पहनाईं, शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और पुष्पवर्षा कर उनके लंबे सेवाकाल की सराहना की। उपस्थित कर्मचारियों ने उनके कार्यों और व्यवहार की प्रशंसा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में दोनों सेवानिवृत्त राजस्व निरीक्षकों ने तहसील परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने पूरे सेवाकाल में सहकर्मियों का भरपूर सहयोग और स्नेह मिला, जिसे वे हमेशा याद रखेंगे।

समारोह के बाद राजस्व निरीक्षक सुधीर कुमार गुप्ता का उनके परिजनों और शुभचिंतकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। उन्हें तहसील से उनके आवास तक सम्मानपूर्वक ले जाया गया, जहां पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान तहसील का समस्त स्टाफ एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
