मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर RPF-GRP-CIB की बड़ी सफलता, 12 लाख के हीरे-सोने के गहनों के साथ शातिर चोर गिरफ्तार


उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (CIB) की संयुक्त टीम ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषण तथा नकदी बरामद की गई है।


यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 1 जुलाई 2026 को प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर संयुक्त चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान दिनेश कुमार (लगभग 30 वर्ष) निवासी ग्राम बगोची, थाना टांडा, जिला रामपुर के रूप में हुई।


तलाशी में बरामद हुए कीमती गहने


आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से सोने की चूड़ियां (बंगले), हीरे जड़े कफलिंक बटन का एक सेट, एक हीरे का पेंडेंट, सोने-हीरे के झुमके (ईयररिंग्स) और 10,100 रुपये नकद बरामद हुए। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।


वीडियो कॉल पर हुई गहनों की पहचान


प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पीड़ित यात्री, जो इलाहाबाद उच्च न्यायालय के एक माननीय न्यायाधीश के करीबी रिश्तेदार बताए गए हैं, उनसे वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क कराया गया। पीड़ित ने बरामद सभी आभूषणों और नकदी की पहचान अपनी संपत्ति के रूप में की।


पूछताछ में कबूला जुर्म


पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि 27 जून 2026 को ट्रेन संख्या 14241 नौचंदी एक्सप्रेस के एसी कोच में यात्रा के दौरान उसने एक महिला यात्री का बैग चोरी किया था। बाद में बैग से कीमती सामान निकालकर बाकी सामान को पॉलिथीन में बांधकर रेलवे स्टेशन परिसर में पत्थरों के नीचे छिपा दिया था, जिसे पुलिस टीम ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया।


मुकदमे में बढ़ाई गई धाराएं


रेलवे पुलिस के अनुसार, बरामदगी के बाद पहले से दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 88/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5) भी जोड़ दी गई है। आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
इस कार्रवाई में RPF मुरादाबाद, CIB तथा GRP मुरादाबाद की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


error: Content is protected !!