World Environment Day : मुरादाबाद रेल मंडल में अनेक कार्यक्रम: कहा- पर्यावरण संरक्षण में पौधों का विशेष महत्व
लव इंडिया मुरादाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुरादाबाद रेल मंडल में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों तथा रेल परिसरों में पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं।

मंडल में 15 मई 2026 से 05 जून 2026 तक विशेष पर्यावरण जागरूकता अभियान संचालित किया गया, जिसके अंतर्गत प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने, पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाने, पौधारोपण को प्रोत्साहित करने तथा स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय,मुरादाबाद के प्रांगण में पौधारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ,अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) श्री प्रेम शंकर झा,अपर मंडल रेल प्रबंधक (ओपी) श्री पारितोष गौतम, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक श्री महेश यादव , वरिष्ठ मंडल अभियंता ( समन्वय ) श्री सुशील कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री ऋषि कुमार शुक्ला, वरिष्ठ मंडल यांत्रिकी अभियंता ( कैरिज एवं वैगन ) श्री सत्येन्द्र कुमार,वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अभिषेक ठाकुर एवं उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन, मुरादाबाद मंडल से सचिव डॉ० भानुप्रिया वधावन, श्रीमती नीरू प्रजापति (कोषाध्यक्ष ), श्रीमती दीपिका शर्मा, श्रीमती नीलिमा ,श्रीमती उषा मीना, श्रीमती अरुणिमा, श्रीमती मोनिका सैनी एवं मुख्य चिकित्सा अध्यक्ष श्रीमती इन्द्रजीत कौर सहित अन्य मंडल अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इसके उपरांत मंडल कार्यालय ,मुरादाबाद में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने का आह्वान किया गया। बालविद्या मंदिर,निकट रेलवे स्टेडियम,मुरादाबाद में बच्चों ने अनेक सुन्दर हैण्डमेड गमलों में पौधारोपण किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण हेतु प्रेरित करते हुए पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव द्वारा मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर प्लास्टिक बोतल क्रेशर मशीन का उद्घाटन किया गया। स्टेशन परिसर में स्थापित 20 प्लास्टिक बोतल क्रेशर मशीनों के माध्यम से प्लास्टिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक एवं प्रभावी निस्तारण को प्रोत्साहन मिलेगा।
उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, मुरादाबाद मंडल द्वारा स्टेशन परिसर में पर्यावरण संरक्षण विषयक नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया तथा जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री महेश यादव ,वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री ऋषि कुमार शुक्ला सहित अनेक रेलवे कर्मचारी एवं यात्रीगण इस अवसर पर स्टेशन परिसर में उपस्थित रहे। प्लास्टिक का उपयोग रोकने के लिए मंडल रेल प्रबंधक ने मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर कपड़े से बने हैण्ड बैग्स का यात्रियों को निशुल्क वितरण किया।

मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, मुरादाबाद मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत एक रैली का आयोजन भी किया गया। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया। रैली रेलवे स्टेशन एवं विभिन्न रेलवे कॉलोनियों (स्टेशन कॉलोनी, नार्थ कॉलोनी,लोको कॉलोनी ) से होकर स्काउट्स हट्स पर संपन्न हुई। मुरादाबाद रेल मंडल पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सुदृढ़ करने हेतु प्रयासरत है।
