उर्दू विभाग की प्रवक्ता डॉ. जेबा नाज़ की पुस्तक “शख्सियत” का विमोचन

लव इंडिया, मुरादाबाद। 23 अप्रैल 2025, को गोकुलदास हिंदू गर्ल्स कॉलेज, मुरादाबाद में प्राचार्या एवं कार्यक्रम की अध्यक्षा प्रोफेसर चारू मेहरोत्रा जी के नेतृत्व में उर्दू विभाग की प्रवक्ता डॉ. जेबा नाज़ की पुस्तक “शख्सियत” का भव्य विमोचन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती जी के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्या एवं अध्यक्षा प्रोफेसर चारू मेहरोत्रा, मुख्य अतिथि आर.बी.डी. डिग्री कॉलेज, बिजनौर की अंग्रेज़ी विभाग की प्रवक्ता प्रोफेसर पारुल त्यागी तथा विशिष्ट अतिथि रामपुर राजा डिग्री कॉलेज, रामपुर के उर्दू विभाग के प्रोफेसर जहांगीर के करकमलों द्वारा पुस्तक का विधिवत विमोचन किया गया।


इस अवसर पर प्राचार्या प्रोफेसर चारू मेहरोत्रा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि साहित्य और पढ़ने की आदत मनुष्य को केवल शिक्षित ही नहीं, बल्कि जागरूक एवं संवेदनशील भी बनाती है। यह जीवन को सही दिशा प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी को प्रतिदिन कुछ न कुछ पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि पढ़ना ही वह शक्ति है जो व्यक्ति को साधारण से असाधारण बना सकती है।


मुख्य अतिथि प्रोफेसर पारुल त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि साहित्य केवल शब्दों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह मानव अनुभव, भावनाओं और विचारों का दर्पण है। यह समाज का प्रतिबिंब होने के साथ-साथ एक सशक्त मार्गदर्शक भी है। इसके पश्चात उर्दू विभाग की प्रवक्ता डॉ. जेबा नाज़ ने अपनी पुस्तक “शख्सियत” के विषय में विस्तार से जानकारी दी और उसके लेखन की प्रेरणा एवं उद्देश्य साझा किए।


कार्यक्रम का संचालन उर्दू विभाग की प्रभारी डॉ. जेबा नाज़ द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन उर्दू विभाग की संरक्षिका प्रोफेसर वंदना पांडे जी ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की मुख्य अनुशासिका प्रोफेसर किरण साहू, प्रोफेसर मीनाक्षी शर्मा, प्रोफेसर अपर्णा जोशी, प्रोफेसर अनुराधा सिंह, प्रोफेसर किरण त्रिपाठी, प्रोफेसर सीमा गुप्ता, प्रोफेसर सुधा सिंह, प्रोफेसर सुदेश, प्रोफेसर प्रवीण सैनी सहित अन्य सभी प्रवक्तागण उपस्थित रहे।

http://www.induclay,comINDUSCLAY

LAUNCHING SOON!

error: Content is protected !!