मुरादाबाद में 2 करोड़ की कथित कमेटी ठगी! दंपति पर धोखाधड़ी और धमकी देने का आरोप
लव इंडिया, मुरादाबाद। थाना कटघर क्षेत्र के सूरजनगर पीतल नगरी निवासी कई लोगों ने एक दंपति पर करीब दो करोड़ रुपये की कथित कमेटी और उधार की रकम हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ितों का आरोप है कि रकम मांगने पर उन्हें जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।
पीड़ितों के अनुसार, सूरजनगर पीतल नगरी निवासी सुनीता सैनी पत्नी रामकिशोर सैनी एवं रामकिशोर सैनी पुत्र घनश्याम, जो श्रीराम मेडिकल स्टोर का संचालन करते हैं, के पास उन्होंने कमेटी डाली थी। कई लोगों ने कमेटी की राशि ऑनलाइन और चेक के माध्यम से जमा की थी। कमेटी की अवधि पूरी होने के बाद जब लोगों ने अपनी रकम मांगी तो उन्हें लगातार टालमटोल किया जाता रहा।
आरोप है कि कुछ लोगों को भुगतान के लिए चेक भी दिए गए, लेकिन उनमें से कई चेक बैंक में लगाने पर बाउंस हो गए। पीड़ितों का कहना है कि आरोपियों ने बार-बार यह कहकर आश्वासन दिया कि खाते में पैसा आने पर भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी रकम वापस नहीं मिली।

शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, 20 जुलाई 2026 को दोबारा भुगतान की मांग करने पर आरोपियों ने 30 जुलाई 2026 तक सभी लोगों का पैसा लौटाने का भरोसा दिया। जब तय तिथि पर लोग उनके घर और प्रतिष्ठान पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर भी उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
पीड़ितों का यह भी आरोप है कि दंपति ने एक वीडियो जारी कर कहा कि उनके पास किसी का कोई पैसा नहीं है और यदि किसी ने ज्यादा तकादा किया तो उसे झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवा देंगे या जान से मरवा देंगे। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह वीडियो उनके पास सुरक्षित है।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि उन्होंने पहले भी थाना कटघर में कई बार शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुनीता सैनी और रामकिशोर सैनी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी जमा रकम वापस दिलाने की मांग की है।

मुरादाबाद में कथित कमेटी ठगी के विरोध में शिवसेना का प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज करने की मांग
थाना कटघर क्षेत्र के पीतल नगरी में कथित कमेटी ठगी के मामले को लेकर शिवसेना ने सैकड़ों क्षेत्रवासियों के साथ प्रदर्शन किया। शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, मुकदमा दर्ज करने तथा पीड़ितों की जमा राशि वापस दिलाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि रामकिशोर और उनके परिवार ने कमेटी के नाम पर लोगों से धनराशि एकत्र की और भुगतान का समय आने पर कथित रूप से रकम नहीं लौटाई। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसा मांगने पर लोगों को टालमटोल किया गया, जिसके चलते बड़ी संख्या में परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि गरीब और मेहनतकश लोगों की गाढ़ी कमाई हड़पने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पीड़ितों द्वारा दी गई शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि शिवसेना पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की गई। इस अवसर पर विशाल सैनी, अरुण ठाकुर, उमेश ठाकुर, आकाश सिंह, शिबू पांडे, महेंद्र सिंह, करणपाल, सुनील कुमार, मोहित कुमार, जितेंद्र पासी, जीतू प्रजापति, पंकज पाल, रवि चौधरी, बादाम सिंह, नितेश तथा अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
