राम मंदिर दान चोरी प्रकरण पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, दोषियों के घरों पर चले बुलडोजर

जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर ने की पत्रकार वार्ता, बुधवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन का ऐलान; राष्ट्रीय लोकदल के नेता मंगू त्यागी ने समर्थकों के साथ थामा कांग्रेस का दामन

लव इंडिया, मुरादाबाद।अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित दान एवं चंदा गड़बड़ी के मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने होटल मानसरोवर पैराडाइज में पत्रकार वार्ता आयोजित की। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर ने केंद्र और संबंधित प्रबंधन पर निशाना साधते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर ने कहा कि यदि राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चंदे और दान में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और घोटालों के मामलों में जिस प्रकार अन्य मामलों में बुलडोजर कार्रवाई की बात की जाती है, उसी प्रकार दोषियों के खिलाफ भी कठोर कदम उठाए जाने चाहिए।

उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेगी और प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल एवं राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग करेगी।पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस को संगठनात्मक मजबूती भी मिली।

इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक दल के नेता मंगू त्यागी समेत तारिक अहमद, अरुण त्यागी, अनूप दुबे, मोहम्मद अब्बास, अतीक सैफी, अंजार हुसैन सहित 17 लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी।

बताया गया कि मंगू त्यागी ने राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि वह हसनपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

error: Content is protected !!