संभल की चारों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ का दिया गया मंत्र


संभल, असमोली, गुन्नौर और चन्दौसी में एक साथ हुए सम्मेलन, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर रहा फोकस



लव इंडिया, संभल। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को जनपद संभल की चारों विधानसभा क्षेत्रों संभल, असमोली, गुन्नौर और चन्दौसी में बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों का आयोजन कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आगाज कर दिया। सम्मेलनों में पार्टी नेताओं ने बूथ अध्यक्षों को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” के संकल्प के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।


भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार कर ली: क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल


संभल विधानसभा में आयोजित सम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल ने कहा कि भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार कर ली है और बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों के माध्यम से चुनावी अभियान की शुरुआत की जा रही है।

प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने का आह्वान किया मुख्य अतिथि अशोक कटारिया ने


मुख्य अतिथि अशोक कटारिया ने कहा कि बूथ अध्यक्ष ही पार्टी की वास्तविक रीढ़ हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह ने कहा कि संभल जिले की सभी विधानसभा सीटों पर जीत बूथ कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही संभव होगी।


असमोली में गोपाल अंजान ने किया मार्गदर्शन


असमोली विधानसभा के ए.के. रिसोर्ट, कुरकावली में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजन रहे। कार्यक्रम में संयोजक अवधेश प्रताप सिंह, जिला महामंत्री हरिओम शर्मा, जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र त्यागी, जिला मंत्री सोनू चाहल और देवचंद सैनी सहित मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


गुन्नौर में बूथ सत्यापन पर जोर


गुन्नौर विधानसभा सम्मेलन में मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य सत्यपाल सैनी ने बूथ अध्यक्षों का सत्यापन कर उनसे संवाद किया। उन्होंने बूथ अध्यक्षों की जिम्मेदारियों और संगठनात्मक भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
सम्मेलन में जिला उपाध्यक्ष एवं संयोजक दीपक कुमार यादव, पूर्व विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू, जिला मंत्री शांति स्वरूप, ब्लॉक प्रमुख दिव्य प्रकाश यादव, चेयरमैन हर्षवर्धन, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष शिखर गोयल तथा अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष उमेश यादव ने किया।


चन्दौसी में राजेश यादव का संबोधन


चन्दौसी विधानसभा के सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव मुख्य अतिथि रहे, जबकि माध्यमिक शिक्षा मंत्री एवं विधायक गुलाब देवी भी उपस्थित रहीं।
राजेश यादव ने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और वही पार्टी की विजय यात्रा के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
चारों सम्मेलनों में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, मतदाताओं से सतत संपर्क बनाए रखने और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया।

error: Content is protected !!